
भागलपुर, भागलपुर शहर में बढ़ती वाहन चोरी और अवैध शराब तस्करी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में सिटी डीएसपी अजय चौधरी खुद सड़क पर उतरकर मोर्चा संभालते नजर आए। उनके नेतृत्व में मारवाड़ी पाठशाला के समीप विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आने-जाने वाले सभी दोपहिया और चार पहिया वाहनों की गहन जांच की। वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और अन्य जरूरी कागजात मांगे गए। जिन लोगों के पास दस्तावेज अधूरे पाए गए, उन्हें मौके पर ही चेतावनी दी गई और आवश्यक कार्रवाई भी की गई।
इसके साथ ही पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए कई लोगों से पूछताछ भी की। वाहनों की तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं अवैध शराब की तस्करी या चोरी के वाहन तो नहीं ले जाए जा रहे हैं। अभियान के दौरान पुलिस की सक्रियता से कई संदिग्ध लोग सतर्क हो गए और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था का संदेश स्पष्ट रूप से गया।
सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने बताया कि शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह के सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वाहन चोरी और शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि लोग यातायात नियमों का पालन करें और यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करेगी।
पुलिस के इस सख्त रुख से साफ संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज होगी तथा शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।


