मालदा, 10 जुलाई 2025:पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने स्वच्छ भारत अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए जून 2025 के दौरान स्वच्छता जागरूकता और प्रवर्तन अभियान को सघन रूप से चलाया। इन अभियानों का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
मालदा मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में तथा डिविजनल सिक्योरिटी कमिश्नर श्री ए. के. कुल्लू के पर्यवेक्षण में कार्यरत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में गंदगी फैलाने व धूम्रपान करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की।
जून में 904 लोगों पर कार्रवाई, ₹1.81 लाख का जुर्माना वसूला गया
- 770 व्यक्तियों पर स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में कूड़ा-कचरा फैलाने के लिए जुर्माना लगाया गया।
- 134 यात्रियों को धूम्रपान करते हुए पकड़ा गया और उन पर कार्रवाई की गई।
- कुल मिलाकर जून 2025 में ₹1,81,700/- का जुर्माना वसूला गया।
यात्रियों से सहयोग की अपील
मालदा मंडल द्वारा जारी अपील में यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे रेल परिसरों और ट्रेनों में गंदगी और धूम्रपान से बचें और स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने में योगदान दें।
“आइए, हम सभी मिलकर भारतीय रेलवे को और अधिक स्वच्छ, सुंदर और यात्रीहितकारी बनाएं।”


