बिहार की राजधानी पटना में बुधवार अहले सुबह पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है। पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र में बिहार पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक कुख्यात अपराधी को गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गायघाट पुल के नीचे हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार मुठभेड़ गायघाट पुल के नीचे हुई। पुलिस ने खाजेकला थाना क्षेत्र निवासी राजीव कुमार उर्फ सूर्या को घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से छापेमारी चल रही थी।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
सिटी एसपी पटना पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि आरोपी रंगदारी वसूलने के इरादे से गायघाट आने वाला है। सूचना के आधार पर STF के सहयोग से इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने हमला कर दिया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
हथियार और कारतूस बरामद
घटनास्थल से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है और उसके खिलाफ रंगदारी, अवैध हथियार और हिंसक वारदात से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पुराने मामलों की भी समीक्षा कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
मुठभेड़ के बाद इलाके में दहशत का माहौल देखा गया, हालांकि पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। हत्या, लूट और अवैध हथियार से जुड़े मामलों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।


