
आरा | 31 जुलाई 2025: बिहार के भोजपुर जिले के आरा शहर में बुधवार को एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसने पूरे मोहल्ले को सन्न कर दिया। नवादा थाना क्षेत्र के गोढना रोड मोहल्ले में 15 वर्षीय मोहित राज ने घर की छत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मोहित महिला होमगार्ड जवान चांदनी कुमारी का इकलौता बेटा था।
जब परिजनों की नजर पड़ी, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसे फौरन सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पर इस घटना की सबसे झकझोर देने वाली तस्वीर वो थी, जब मां चांदनी कुमारी बेटे के मृत शरीर को गोद में लेकर मुंह से बार-बार ऑक्सीजन देने की कोशिश करती रहीं, उसे हिलाती-डुलाती रहीं, और कहती रहीं —
“बेटा… उठ जा! देख, मैं आ गई हूं। सांस ले ले… तुझे कुछ नहीं होगा… उठ जा प्लीज…”
मां का विश्वास नहीं टूट रहा था। वो बार-बार मां भगवती से भी गुहार लगाती रहीं —
“हे मइया, तू सबकी सुनती है… आज मेरे बेटे को लौटा दे…”
मगर चमत्कार नहीं हुआ।
आत्महत्या से पहले किया था एक फोन कॉल
सूत्रों के मुताबिक, आत्महत्या से ठीक पहले मोहित ने किसी को फोन किया था। फिर वह छत पर गया और फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस उस नंबर की जांच कर रही है।
परिजनों का बुरा हाल
मोहित के पिता संतोष कुमार शर्मा घर पर मौजूद नहीं थे। मां चांदनी कुमारी समाहरणालय में होमगार्ड के पद पर कार्यरत हैं। जब उन्हें खबर मिली, तो वो गश खाकर गिर पड़ीं, फिर जैसे-तैसे खुद को संभालकर बेटे को सीने से लगाकर CPR देती रहीं, लेकिन नियति को कुछ और मंजूर था।
पूरे मोहल्ले में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। मोहित की उम्र, उसकी मां की करुण पुकार और उस अंतिम दृश्य ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। मोहल्ले के लोग यही सवाल कर रहे हैं —
“आखिर इतना मासूम बच्चा किस दर्द से गुजर रहा था, जो उसे यह खौफनाक रास्ता चुनना पड़ा?”
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जिस नंबर पर मोहित ने अंतिम बार बात की थी, उसकी कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन मानसिक दबाव या किसी निजी कारण की आशंका जताई जा रही है।


