
पटना: बिहार बंद के दौरान पटना में हिरासत में लिए गए एक छात्र का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र पुलिस वैन के अंदर बैठा दिखाई दे रहा है, जबकि उसकी मां बाहर खड़ी होकर बेटे को देख रही हैं। इस मुश्किल घड़ी में भी छात्र अपनी गिरफ्तारी की चिंता करने के बजाय मां से बार-बार पूछता है, “तुम खाना खाई हो? सुबह से कुछ खाया है कि नहीं… अरे कुछ खा लो।”
वीडियो में मां बेटे को पुलिस वैन में देखकर भावुक हो जाती हैं, लेकिन बेटा उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहता है कि वे परेशान न हों, घर जाकर खाना खा लें। छात्र बार-बार मां को भरोसा दिलाता है कि सब ठीक हो जाएगा और उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है।
25 जुलाई की रात का बताया जा रहा है वीडियो
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो 25 जुलाई की रात का है। बिहार बंद के दौरान पटना के विभिन्न इलाकों में हुए प्रदर्शन और हंगामे के बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। देर रात पुलिस की कई गाड़ियों से छात्रों को पहले सिविल कोर्ट और फिर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) के आवास ले जाया गया। इसी दौरान बड़ी संख्या में परिजन भी वहां पहुंचे थे।
मां-बेटे की बातचीत ने लोगों को किया भावुक
पुलिस वैन के बाहर खड़ी मां और अंदर बैठे बेटे के बीच हुई यह बातचीत किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में मां की आंखों में आंसू दिखाई देते हैं, जबकि बेटा खुद को मजबूत दिखाते हुए मां को समझाता है और सबसे पहले उनके खाने की चिंता करता है।
694 लोग हिरासत में, 339 छात्रों को छोड़ा गया
बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार, बिहार बंद के दौरान राज्यभर से 694 लोगों को हिरासत में लिया गया था। जांच के बाद 339 छात्रों और नाबालिगों को छोड़ दिया गया, जबकि 355 लोगों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान 91 पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें सिवान और सीतामढ़ी के एसपी, दो एसडीपीओ और कई थानाध्यक्ष शामिल हैं। वहीं 14 सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचा और 13 आम नागरिक घायल हुए।
सोशल मीडिया पर भावुक प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग छात्र और उसकी मां के इस भावुक संवाद पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि मुश्किल हालात में भी छात्र को अपनी मां के खाने और सेहत की चिंता थी। यही वजह है कि यह वीडियो लोगों के दिल को छू रहा है।


