भागलपुर, पीरपैंती।राजद पार्टी के समानांतर कमिटी द्वारा रविवार को सामाजिक न्याय परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक कुमार यादव ने की, जबकि मंच संचालन विष्णु दयाल यादव ने किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रखंड अध्यक्ष दीपनारायण यादव, जिप उपाध्यक्ष प्रणव कुमार उर्फ पप्पू यादव, पैक्स अध्यक्ष मुख्तार आलम, अजय कुमार मधुकर, शिवकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में पुराने कार्यकर्ता, युवा और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक रामविलास पासवान और वर्तमान राजद प्रखंड अध्यक्ष की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी जताई। शिवजी यादव ने कहा कि “पार्टी को दो खंड में बांटने की स्थिति पूर्व विधायक की देन है।” साथ ही तेजस्वी यादव से अपील की कि वे आगामी चुनाव में किसी नए और ऊर्जावान प्रत्याशी को मौका दें।
अशोक कुमार यादव ने कहा कि “राजद ने हमेशा पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों की आवाज को बुलंद किया है। सामाजिक न्याय सिर्फ नारा नहीं, बल्कि हमारी राजनीतिक चेतना और संघर्ष का मूल है।”
जिप उपाध्यक्ष प्रणव कुमार उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि “आज के इस कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी भागीदारी इस बात का संकेत है कि बदलाव की हवा बह रही है।”
पैक्स अध्यक्ष मुख्तार आलम ने कहा कि “सामाजिक न्याय केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पंचायत से संसद तक इसकी झलक धरातल पर दिखनी चाहिए।”
कार्यक्रम में शामिल वरिष्ठ नेता अजय कुमार मधुकर और अमृत कुमार ने आरोप लगाया कि “वर्तमान प्रखंड अध्यक्ष संगठन को कमजोर करने का काम कर रहे हैं और पद हासिल करने के लिए गुप्त साजिश रचते हैं।”
सभी कार्यकर्ताओं ने एकमत से कहा कि 2025 में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर लड़ाई लड़ी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संगठन की मजबूती और सामाजिक न्याय की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


