नेपाल से गांजा तस्करी कर रहा था तस्कर, एसएसबी ने टाटा सूमो से बरामद किए 183 किलो से ज्यादा गांजा

पश्चिमी चंपारण, बिहार:सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों ने शुक्रवार देर रात तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पश्चिमी चंपारण के सहोदरा थाना क्षेत्र स्थित भिखना ठोरी इलाके में एसएसबी (सीमा सुरक्षा बल) और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी मात्रा में गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने बताया कि शुक्रवार की रात्रि करीब ढाई बजे भारत-नेपाल सीमा स्थित पिलर संख्या 436 के पास एसएसबी और पुलिस की ओर से नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नेपाल की ओर से आ रही एक टाटा सूमो को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के भीतर मौजूद 13 बोरियों से 183.97 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

गाड़ी से गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान विवेक कुमार के रूप में हुई है, जो नौतन थाना क्षेत्र का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह इस मादक पदार्थ को नेपाल से भारत लाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने वाला था।

बरामद गांजा, गिरफ्तार तस्कर और टाटा सूमो वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए सहोदरा थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। पूरे मामले को लेकर आगे की जांच तेज कर दी गई है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

बड़ी बात यह है कि भारत-नेपाल सीमा से मादक पदार्थों की तस्करी लगातार सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई है, लेकिन एसएसबी और स्थानीय पुलिस की सक्रियता से इस तरह की बड़ी खेप को जब्त करना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।


 

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *