
बिहार के सीवान में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की पत्नी के साथ ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में नगर थाना सीवान और मुफस्सिल थाना सीवान में अलग-अलग समय पर एक कंपनी से जुड़े दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
डीएम की पत्नी सोनाली सोनी ने नगर थाना में कंपनी के निदेशक आशुतोष मंगलम के खिलाफ और मुफस्सिल थाना में उनकी बहन शिवानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। 17 अप्रैल 2026 को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि 28 अप्रैल 2025 को मशरूम उत्पादन के लिए स्मार्ट हट निर्माण को लेकर अनुबंध किया गया था।
आरोप है कि अनुबंध के तहत आरोपित ने 19 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में ले लिए, लेकिन न तो निर्माण कार्य शुरू किया गया और न ही अनुबंध की शर्तों का पालन किया गया। बाद में आरोपित द्वारा 5-5 लाख रुपये के दो चेक दिए गए, लेकिन दोनों चेक खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण बाउंस हो गए।
मुफस्सिल थाना में दिए गए आवेदन में भी सोनाली सोनी ने शिवानी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। दोनों थानों में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


