बेरियर नहीं लगाने के कारण मेला क्षेत्र में घुस रहे वाहन, श्रद्धालुओं के बीच आक्रोश
भागलपुर | सुल्तानगंज | 15 जुलाई 2025: श्रावणी मेला के छठे दिन सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम में जहां एक ओर श्रद्धालु भक्ति में लीन हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक लापरवाही के कारण व्यवस्था चरमरा रही है। ब्लॉक परिसर में बनाए गए वाहन पार्किंग स्थल पर पुलिस द्वारा बेरियर नहीं लगाए जाने से हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं।
संवेदक प्रहलाद कुमार, जिन्होंने 5 लाख रुपए से अधिक में पार्किंग स्थल का डाक लिया है, ने गंभीर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा:
“पुलिस द्वारा बेरियर नहीं लगाने की वजह से बड़ी और छोटी वाहन मेला क्षेत्र में सीधे प्रवेश कर रहे हैं, जिससे कांवरियों को भारी दिक्कत हो रही है। अगर यही हाल रहा तो शहर में भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी।”
उन्होंने आगे कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया, तो उन्हें पार्किंग में नुकसान उठाना पड़ेगा और डाक की राशि जेब से भरनी पड़ेगी। उन्होंने बेरियर लगाने और पुलिस द्वारा ट्रैफिक को नियंत्रित करने की मांग की।
श्रद्धालु हो रहे परेशान, व्यवस्था पर उठे सवाल
मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश से कांवरिया पथ पर चलने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा व सुविधा दोनों में परेशानी हो रही है। जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही है, जिससे शिवभक्तों की श्रद्धा यात्रा बाधित हो रही है।
पुलिस मौन, समाधान अधर में
घटना के समय पुलिसकर्मी एवं अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद थे, लेकिन इस गंभीर मुद्दे पर कोई ठोस प्रतिक्रिया या त्वरित कार्रवाई नहीं की गई। इससे प्रशासन की तैयारी और मेला नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
श्रावणी मेला जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में इस तरह की प्रशासनिक चूक श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है। जरूरत है कि जिला प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप करे और मेला क्षेत्र में वाहनों के अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगाए।


