भागलपुर के रंगरा थाना क्षेत्र के मदरौनी गांव में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। महंत बाबा स्थान के पास 35 वर्षीय युवक छोटू रजक की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि यह जगह थाना से महज़ 1 किलोमीटर की दूरी पर है, फिर भी हत्यारों का कोई सुराग नहीं है।
रात में घर से निकला, सुबह मिली लाश
छोटू रजक आटा चक्की चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके तीन बेटियां और दो बेटे हैं।
परिजनों के मुताबिक, वह रोजाना की तरह रात 11 बजे घर से निकला था। शक है कि रात 2 बजे के करीब शराब पार्टी के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
मृतक के भाई मिंटू रजक ने कहा —
“वो रोज ऐसे ही देर रात तक बाहर रहता था, इसलिए हमने ढूंढा नहीं। सुबह पता चला कि महंत बाबा स्थान के पास उसका गला काट दिया गया है।”
घर में मातम, मां-पत्नी का बुरा हाल
हत्या की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पत्नी सदमे से बेसुध होकर गिर पड़ी।
दूसरी हत्या से दहशत दोगुनी
यह घटना इलाके में कुछ ही दिनों में हुई दूसरी सनसनीखेज हत्या है। हाल ही में इसी थाना क्षेत्र में मकई के खेत में कॉलेज जा रही एक लड़की को जलाकर मार दिया गया था। दो हत्याओं ने पूरे क्षेत्र में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस तीन घंटे देर से मौके पर पहुंची।
रंगरा थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा ने मीडिया से कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और कहा —
“मैं ऑथराइज्ड नहीं हूं, इस घटना पर नवगछिया एसपी और सीडीपीओ ही जानकारी देंगे।”


