गया, बिहार।गया जिले के रौशनगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बदमाशों ने घर में घुसकर 61 वर्षीय विधवा महिला विपत्ति देवी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
घर में अकेली रहती थी मृतका
मृतका के दो बेटे दिल्ली में नौकरी करते हैं और वह अकेले अपने घर में रहती थीं। आसपास के रिश्तेदारों के घर जाकर खाना खाती थीं। लेकिन शनिवार को वह खाने नहीं पहुंचीं तो रिश्तेदारों को शक हुआ। जब वे घर पहुंचे तो दरवाजा बंद था। दरवाजा खोलते ही अंदर का नज़ारा देख सभी के होश उड़ गए — कमरे में चारों ओर खून बिखरा था और विपत्ति देवी का शव फर्श पर पड़ा था।
नृशंस हत्या, हथियार बरामद नहीं
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि महिला की हत्या धारदार हथियार और लोहे की रॉड से की गई। हत्या के पीछे का कारण अब तक साफ नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर कोण से जांच शुरू कर दी है।
गांव में खौफ का माहौल
इस जघन्य वारदात के बाद चांदपुर गांव में लोग सहमे हुए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।


