भीषण गर्मी के कारण पटना-गया समेत कई जिलों में 27 जून तक स्कूल बंद

बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। राजधानी पटना और गया समेत कई जिलों में कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

पटना के जिला दंडाधिकारी कुंदन कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा-163 के तहत आदेश जारी करते हुए कहा है कि जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल सहित, कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियां 27 जून 2026 तक पूरी तरह बंद रहेंगी। प्रशासन का मानना है कि दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है।

वहीं गया जिला प्रशासन ने भी इसी तरह का आदेश जारी किया है। जिला दंडाधिकारी शशांक शुभंकर के निर्देशानुसार जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 22 जून से 25 जून 2026 तक रोक लगा दी गई है।

हालांकि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं का संचालन पूर्वाह्न 11 बजे तक करने की अनुमति दी गई है। साथ ही विद्यालयों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि विद्यार्थियों को गर्मी और लू से बचाने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध हों।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि वे गर्मी और लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बिहार में लगातार बढ़ते तापमान और लू की स्थिति को देखते हुए प्रशासन सतर्क है और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर-कटिहार अनारक्षित स्पेशल ट्रेन सेवा जारी, यात्रियों को 10 जुलाई तक मिलेगी राहत

    Share Add as a preferred…

    भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग तेज, गोपालगंज में युवाओं ने निकाला कैंडल मार्च

    Share Add as a preferred…