मुंगेर-खगड़िया दौरे पर रहेंगे सम्राट चौधरी, विकास परियोजनाओं का करेंगे निरीक्षण

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज (मंगलवार) मुंगेर और खगड़िया के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे। प्रशासन की ओर से उनके दौरे का विस्तृत मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी किया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 10:10 बजे पटना एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा मुंगेर के लिए रवाना होंगे और लगभग 10:50 बजे सफियाबाद हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे बिहार योग विद्यालय जाएंगे, जहां ज्योति मंदिर और ध्यान समाधि स्थल का दर्शन करेंगे। इस दौरान वे स्वामी जी से मुलाकात कर आरती और पादुका दर्शन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

इसके बाद सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री मुंगेर-भागलपुर गंगा पथ (मरीन ड्राइव) परियोजना की प्रगति का जायजा लेंगे। साथ ही स्थानीय भाजपा नेताओं से मुलाकात कर पार्टी के कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।

दोपहर 1:15 बजे वे खगड़िया के लिए रवाना होंगे। चौथम पहुंचकर मां कात्यायनी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और एनएच-95 (खगड़िया-सहरसा पथ) के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे।

इसके पश्चात वे अगुवानी घाट पहुंचकर सुल्तानगंज-अगुवानी पुल का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और परियोजना की समीक्षा करेंगे। दोपहर 3 बजे स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे पटना लौटेंगे और शाम तक मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचकर दौरे का समापन करेंगे।

इस बीच मुंगेर के पोलो मैदान में 550 ड्रोन और लेजर शो का भव्य आयोजन किया जाएगा, जो इस दौरे का मुख्य आकर्षण होगा। हालांकि, मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहेंगे।

प्रशासन ने दौरे को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। करीब 500 जवान, 100 पुलिस अधिकारी, डीएसपी स्तर के अधिकारी और क्यूआरटी टीमों की तैनाती की गई है। पोलो मैदान समेत सभी प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं, ताकि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

  • ये भी पढ़े..

    बेगूसराय गैंगरेप कांड ने झकझोरा बिहार, महिला के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर-कटिहार अनारक्षित स्पेशल ट्रेन सेवा जारी, यात्रियों को 10 जुलाई तक मिलेगी राहत

    Share Add as a preferred…