
समस्तीपुर: समस्तीपुर रेल मंडल में गुरुवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के सहायक कार्मिक पदाधिकारी (APO-2) अरुण कुमार मंडल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की टीम ने कई घंटों तक पूछताछ के बाद आरोपी अधिकारी को अपने साथ ले गई। मामले में रेलवे के कार्मिक विभाग में हड़कंप मच गया।
नियुक्ति और ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी पर नियुक्ति और ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़ी फाइलों के निपटारे के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। बताया जा रहा है कि एक शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन किया और फिर ट्रैप बिछाकर कार्रवाई की। शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये लेते समय अधिकारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
कई घंटे तक पूछताछ, सरकारी आवास पर भी छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम आरोपी अधिकारी को समस्तीपुर डीआरएम कार्यालय ले गई, जहां कई घंटे तक पूछताछ की गई। इसके बाद टीम ने उनके सरकारी आवास पर भी तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक गैर-लाइसेंसी पिस्तौल, दो मैगजीन और नौ कारतूस बरामद होने की बात सामने आई है। इस मामले में नगर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत भी प्राथमिकी दर्ज किए जाने की सूचना है।
दस्तावेज भी किए गए जब्त
सीबीआई ने आरोपी के सरकारी आवास से ट्रांसफर-पोस्टिंग और नियुक्ति से संबंधित कई दस्तावेज भी जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
रेलवे की प्रतिक्रिया
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने कहा कि सीबीआई ने इस मामले में अभी तक रेलवे को कोई आधिकारिक रिपोर्ट या पत्र उपलब्ध नहीं कराया है। उन्होंने कहा कि आधिकारिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही रेलवे इस मामले में विस्तृत टिप्पणी करेगा।
जांच जारी
सीबीआई पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।


