दरभंगा: अलीनगर विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में शामिल उत्तर प्रदेश के बलिया से भाजपा विधायक केतकी सिंह ने मिथिला की पहचान ‘पाग’ को मंच पर फेंक दिया। इस घटना के बाद कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने इसे मिथिला की संस्कृति और अस्मिता का अपमान बताया।
विधायक का विवादित बयान
सम्मेलन के दौरान अतिथियों का स्वागत मिथिला की परंपरा के अनुसार ‘पाग’ पहनाकर किया जा रहा था। इसी बीच विधायक केतकी सिंह ने ‘पाग’ उठाते हुए पूछा — “ये पाग क्या है?”
जब दर्शकों ने जवाब दिया — “यह मिथिला का सम्मान है,”
तो उन्होंने जवाब में कहा — “नहीं, ये मिथिला का सम्मान नहीं… मैथिली ठाकुर मिथिला का सम्मान हैं।”
यह कहते हुए विधायक ने पाग फेंक दी, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जन सुराज प्रत्याशी ने जताई नाराजगी
दरभंगा शहरी विधानसभा से जन सुराज के प्रत्याशी राकेश कुमार मिश्रा ने इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा,
“पाग केवल एक वस्त्र नहीं, यह मिथिला की अस्मिता और परंपरा का प्रतीक है। इसका अपमान पूरे मैथिल समाज का अपमान है। भाजपा नेतृत्व को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और मिथिला की संस्कृति के सम्मान में स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।”
मिथिला की अस्मिता पर चोट
‘पाग’ मिथिला का गौरव है, जिसका उपयोग आज विदेशों में भी सम्मान देने के लिए किया जाता है। यह न केवल सांस्कृतिक पहचान है, बल्कि मिथिला पेंटिंग की तरह यह परंपरा भी अब रोजगार और प्रतिष्ठा का प्रतीक बन चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक का यह कदम मिथिला की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है और बीजेपी को तत्काल सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
अलीनगर विधानसभा का राजनीतिक समीकरण
अलीनगर विधानसभा, दरभंगा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है।2020 विधानसभा चुनाव में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के मिश्री लाल यादव ने 61,082 वोट पाकर जीत हासिल की थी, जबकि राजद के विनोद मिश्रा को 57,981 वोट मिले थे — अंतर मात्र 3,101 वोटों का था।इस बार यहां पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान होगा।महागठबंधन की ओर से राजद ने विनोद मिश्रा को फिर से उम्मीदवार बनाया है, जो इस बार मुस्लिम-यादव समीकरण के सहारे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।


