भागलपुर, 13 जुलाई 2025।रोटरी क्लब भागलपुर द्वारा रविवार को डाटबट में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 671 महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयाँ व पोषण एवं स्वच्छता संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
मीडिया प्रभारी रोटेरियन मितिलेश सिन्हा ने बताया कि इस सेवा शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुँच बढ़ाना था। शिविर में प्रसिद्ध बाल एवं महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. सौम्या गुप्ता और डॉ. देवानंद ने माताओं और नवजात शिशुओं की चिकित्सकीय जांच की। कुपोषित महिलाओं को आयरन और फोलिक एसिड की गोलियाँ दी गईं, साथ ही बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें साबुन, हैंडवॉश व डिटर्जेंट भी वितरित किए गए।
मानसून में त्वचा रोगों से बचाव पर फोकस
त्वचा रोग विशेषज्ञ Rtn डॉ. शंकर ने मानसून में तेजी से फैलने वाले त्वचा संक्रमण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने मरीजों को एंटीफंगल क्रीम व आवश्यक दवाइयाँ वितरित कीं और संक्रमण से बचाव के उपाय बताए।
नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. राकेश रंजन की अहम भूमिका
प्रख्यात नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. राकेश रंजन ने शिविर में विशेष योगदान देते हुए 50 से अधिक मरीजों की गुर्दा संबंधी जांच की और उन्हें समुचित परामर्श व दवाइयाँ प्रदान कीं। डॉ. रंजन की उपस्थिति को स्थानीय लोगों ने अत्यंत सराहा।
सेवा में जुटे रोटरी सदस्य
शिविर में रोटरी क्लब के प्रमुख सदस्य रोटेरियन शशिकला ठाकुर, बिनोद बैद, सत्यजीत सहाय, नमिता सहाय, डॉ. सौम्या गुप्ता, डॉ. शंकर समेत कई सदस्य मौजूद रहे और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी की।
मीडिया प्रभारी मितिलेश सिन्हा ने बताया कि—
“रोटरी क्लब का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य, स्वच्छता और सेवा की भावना पहुँचाना है। आगे भी ऐसे शिविरों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।“


