जमुई में फिल्मी स्टाइल में लूट: नकली पुलिस बनकर 15 लाख के जेवर लूटे, ‘POLICE’ लिखी गाड़ी से फरार

बिहार के जमुई जिले में अपराधियों ने सोमवार सुबह एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पुलिस व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सिमुलतला थाना क्षेत्र के टेलवा गांव में हथियारबंद बदमाश पुलिस की वर्दी पहनकर एक सरकारी स्कूल शिक्षक के घर घुसे और करीब 20 मिनट में 15 लाख रुपये के सोने-चाँदी के गहने लूटकर फरार हो गए। वारदात का तरीका बिल्कुल फिल्मी शैली का था।


वारंट दिखाने का बहाना, और घर में घुस गए नकली पुलिसवाले

सुबह करीब 7 बजे शिक्षक संजीव कुमार अपने घर पर मौजूद थे। इस दौरान 5-6 युवक खाकी वर्दी में उनके दरवाजे पर पहुँचे और खुद को चकाई थाने की पुलिस बताते हुए बोले—
“संजीव कुमार के नाम से वारंट है, पूछताछ के लिए घर की तलाशी लेनी है।”

हाथ में डंडा, कमर पर पिस्टल और पुलिस जैसी वर्दी… सब कुछ इतना असली लग रहा था कि परिवार को शक ही नहीं हुआ। जैसे ही दरवाजा खोला गया, सभी बदमाश घर में घुस गए। संजीव कुमार और उनकी पत्नी पूनम देवी को एक कमरे में बंद कर दिया गया।

इसके बाद अपराधियों ने अलमारी तोड़ी और बेटी की शादी के लिए रखे गए सोने-चाँदी के सभी गहने समेट लिए।


‘POLICE’ लिखी बोलेरो से आए और उसी से फरार

लूट को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश एक सफेद बोलेरो में बैठकर फरार हो गए, जिस पर बड़े अक्षरों में “POLICE” लिखा हुआ था। पीड़ित शिक्षक का कहना है कि गाड़ी का नंबर नोट किया गया है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह असली पुलिस वाहन था या फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।


CCTV फुटेज में कैद हुई संदिग्ध बोलेरो, नाकाबंदी तेज

घटना की सूचना मिलते ही सिमुलतला थाना पुलिस मौके पर पहुँची। आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध बोलेरो दिखी जिस पर “POLICE” लिखा हुआ है।

सिमुलतला SHO धनंजय कुमार ने बताया—
“मामला गंभीर है। CCTV फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान की जा रही है। टीम बनाई गई है, जल्द ही अपराधी गिरफ्तार किए जाएंगे।”

पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी भी शुरू कर दी है और संभावित मार्गों पर वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है।


गाँव में दहशत: “अब किस पर भरोसा करें?”

इस वारदात के बाद टेलवा गांव के लोगों में भारी दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि जब अपराधी पुलिस की वर्दी पहनकर घर में घुस सकते हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे होगी?

गाँव के लोगों ने रात के गश्त बढ़ाने, चौकीदार व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।


 

  • ये भी पढ़े..

    बीड़ी और खनन श्रमिकों के बच्चों के लिए बड़ी राहत, केंद्र सरकार दे रही 1,000 से 25,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति

    Share Add as a preferred…

    पीएम सूर्य घर योजना में बिहार का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, सरकारी भवनों के सौर ऊर्जाकरण के लिए मिला प्रतिष्ठित सम्मान

    Share Add as a preferred…