छपरा/मांझी | सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में रविवार को बेखौफ अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी। महम्मदपुर बाजार स्थित एक सर्राफा दुकान से 5 हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े 20 लाख रुपये से अधिक के सोना-चांदी के जेवर लूट लिए।
2 बाइक, 5 अपराधी और दहशत का माहौल
घटना रविवार दोपहर की है। महम्मदपुर बाजार में बृज बिहारी लाल की सर्राफा दुकान पर दो बाइक पर सवार होकर 5 अपराधी पहुंचे।
- प्लानिंग: 4 अपराधी हथियार लहराते हुए दुकान के अंदर घुस गए और दुकानदार व कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर बंधक बना लिया।
- दहशत: उनका 5वां साथी दुकान के बाहर पहरा देता रहा। दहशत फैलाने के लिए वह लगातार हवाई फायरिंग करता रहा, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। किसी की हिम्मत नहीं हुई कि वो बीच-बचाव करने आए।
20 लाख का सोना-चांदी ले उड़े
अंदर घुसे अपराधियों ने चंद मिनटों में दुकान में रखे करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बैग में भरे और हथियार लहराते हुए बाइक से फरार हो गए।
CCTV खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही मांझी थाना प्रभारी विनोद कुमार और SDPO राज कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
- जांच: पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।
- छापेमारी: सीमाओं को सील कर छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही लुटेरे सलाखों के पीछे होंगे।


