22 अप्रैल को बिहार में ‘धिक्कार मार्च’ निकालेगी राष्ट्रीय लोक मोर्चा, उपेंद्र कुशवाहा का विपक्ष पर हमला

राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने 22 अप्रैल को बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में ‘धिक्कार मार्च’ निकालने का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने कांग्रेस और राजद पर बिहार के साथ वर्षों तक अन्याय करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण, ओबीसी प्रतिनिधित्व और परिसीमन जैसे अहम मुद्दों पर विपक्ष ने हमेशा भ्रम फैलाने का काम किया है, जबकि केंद्र सरकार महिलाओं और पिछड़े वर्गों को उनका अधिकार देने की दिशा में काम कर रही है।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल का उद्देश्य नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है और उनकी पार्टी इसका पूरी मजबूती से समर्थन करती है।

ओबीसी प्रतिनिधित्व को लेकर उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ-साथ पिछड़े वर्ग की महिलाओं को भी पर्याप्त हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने माना कि केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है, लेकिन ओबीसी महिलाओं को अलग से शामिल करना आगे सुधार का विषय है।

जातीय जनगणना और सामाजिक न्याय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इसके पूरा होने के बाद ओबीसी वर्ग के पुरुषों और महिलाओं के लिए आरक्षण की दिशा में और ठोस प्रयास किए जा सकते हैं।

परिसीमन के मुद्दे पर कुशवाहा ने कहा कि उनकी पार्टी लंबे समय से इसकी मांग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी की सरकार ने संविधान में संशोधन कर परिसीमन प्रक्रिया को रोक दिया था, जिसका नुकसान बिहार जैसे राज्यों को उठाना पड़ा।

उन्होंने दावा किया कि यदि परिसीमन लागू होता तो बिहार को सबसे अधिक लाभ मिलता। लोकसभा की 40 सीटें बढ़कर 60 तक और विधानसभा की 243 सीटें बढ़कर करीब 365 हो सकती थीं, जिससे महिलाओं, युवाओं और पिछड़े वर्गों को राजनीति में अधिक अवसर मिलता।

कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन दलों ने हमेशा बिहार के हितों की अनदेखी की है। उन्होंने अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने सकारात्मक सोच के साथ काम किया है।

उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को होने वाला ‘धिक्कार मार्च’ जनता को जागरूक करने और विपक्ष की नीतियों के खिलाफ जनमत तैयार करने के उद्देश्य से निकाला जाएगा।


ये भी पढ़े..

पाटलिपुत्र कांड के बाद रेलवे अलर्ट! मुजफ्फरपुर जंक्शन पर हाई सिक्योरिटी, परीक्षार्थियों के लिए चलीं 2 स्पेशल ट्रेनें

Share Add as a preferred…

खान ग्लोबल स्टडीज पर पुलिस का नोटिस, जांच में सहयोग नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी

Share Add as a preferred…