RJD में बड़ा बवाल: MLC टिकट नहीं मिलने पर फूट-फूटकर रोए शिवचंद्र राम, पार्टी के सभी पदों से दिया इस्तीफा

पटना: बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। पार्टी के SC/ST प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने अपने सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे दिया है। MLC चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनाए जाने से नाराज शिवचंद्र राम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने इस्तीफे का ऐलान किया।

शिवचंद्र राम ने कहा कि उन्हें MLC उम्मीदवार बनाए जाने का आश्वासन दिया गया था और उनका नाम भी संभावित उम्मीदवारों में चर्चा में था, लेकिन अंतिम समय में उनका नाम काट दिया गया। इससे आहत होकर उन्होंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने का फैसला लिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवचंद्र राम भावुक हो गए और मीडिया के सामने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए रो पड़े। उन्होंने कहा कि उन्होंने वर्षों तक दिन-रात पार्टी के लिए काम किया, पार्टी के हर निर्देश का पालन किया, लेकिन जब सम्मान देने और टिकट देने की बारी आई तो उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया।

उन्होंने कहा, “हमारे साथ वादाखिलाफी हुई है। टिकट देने का आश्वासन मिला था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया। हमने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पार्टी की सेवा की, लेकिन बदले में हमें निराशा मिली।”

शिवचंद्र राम ने यह भी कहा कि पार्टी में किसका प्रभाव है और किसका नहीं, यह आने वाले समय में सबको पता चल जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी के अंदर कुछ ऐसे फैसले लिए जा रहे हैं, जिनसे समर्पित कार्यकर्ताओं और नेताओं में निराशा बढ़ रही है।

दरअसल, बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए राजद ने एक बार फिर वरिष्ठ नेता सुनील कुमार सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। सोमवार को सुनील सिंह ने विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। उनके नाम की घोषणा के साथ ही उम्मीदवार को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया।

सुनील सिंह को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी के अंदर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। शिवचंद्र राम का इस्तीफा इसी असंतोष की बड़ी अभिव्यक्ति माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी साल में राजद के भीतर उभर रही यह नाराजगी पार्टी नेतृत्व के लिए चिंता का विषय बन सकती है।

फिलहाल शिवचंद्र राम के इस्तीफे से बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि राजद नेतृत्व इस घटनाक्रम पर क्या प्रतिक्रिया देता है और शिवचंद्र राम का अगला राजनीतिक कदम क्या होगा।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में जेडीयू सांसद के आवास में चोरी, अंगरक्षक का सरकारी पिस्टल भी ले उड़े चोर; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

    Share Add as a preferred…

    सम्राट सरकार का बड़ा फैसला: कैबिनेट बैठक में 25 अहम प्रस्तावों को मंजूरी, कई विभागों को मिली सौगात

    Share Add as a preferred…