भागलपुर। समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में शुक्रवार को प्रमंडलीय आयुक्त-सह-मतदाता सूची प्रेक्षक हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 21.55 लाख
बैठक में जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से अब तक हुए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त 2025 को प्रारूप प्रकाशन के अनुसार जिले में कुल 21 लाख 55 हजार 802 मतदाता हैं।
01 से 27 अगस्त तक प्राप्त आवेदनों का विवरण:
- फॉर्म-6 (नए मतदाता पंजीकरण): 17,956 आवेदन, 2,765 निष्पादित
- फॉर्म-7 (नाम विलोपन): 8,352 आवेदन, 4,497 निष्पादित
- फॉर्म-8 (संशोधन): 18,985 आवेदन, 12,106 निष्पादित
कुल 45,293 आवेदन में से 19,368 निष्पादित किए गए हैं। शेष आवेदनों पर कार्रवाई जारी है।
वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने का अवसर
जिलाधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग का पोर्टल अभी भी खुला है। जिनका नाम गलती से कट गया है, वे ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं या बीएलओ/बीएलए के माध्यम से फॉर्म जमा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में कुल 2,678 मतदान केंद्र (बूथ) हैं और इस विषय पर राजनीतिक दलों के साथ पांच बैठकें की जा चुकी हैं।
आयुक्त का निर्देश
आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने कहा कि जिला प्रशासन ने समयबद्ध और सक्रियता से कार्य किया है। शेष बचे कार्यों को भी जल्द निष्पादित कर लिया जाए ताकि समय पर मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा सके।
राजनीतिक दलों की राय
बैठक में राजद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बीएलओ के जरिए छूटे लोगों का पुनः सत्यापन कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकांश कार्य बाढ़ से पहले ही संपन्न करा लिए गए हैं और यदि कहीं कोई आपत्ति हो तो उसका पूरा विवरण देकर जांच कराई जा सकती है।
दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 31 अगस्त
नवगछिया एसडीओ ऋतुराज प्रताप सिंह ने बताया कि दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। राजनीतिक दल अपने बीएलए के माध्यम से दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं, साथ ही एक घोषणा पत्र भी देना होगा। उन्होंने कहा कि ड्राफ्ट लिस्ट में मृतक या शिफ्ट हो चुके मतदाताओं के नाम हर बूथ पर चिपकाए गए हैं और उसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
बैठक में विधायक ललित नारायण मंडल, सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, आयुक्त के सचिव विनोद कुमार सिंह, अपर समाहर्ता दिनेश राम, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी, एसडीओ सदर विकास कुमार सहित सभी इआरओ और एईआरओ मौजूद रहे।


