पटना में राहत की खबर: डबल डेकर फ्लाईओवर से सीधे पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) तक बनेगा रैंप

पटना। राजधानी पटना के लोगों के लिए बड़ी सहूलियत की खबर है। शहर में ट्रैफिक जाम और समय की बचत को ध्यान में रखते हुए डबल डेकर फ्लाईओवर से सीधे पीएमसीएच पहुंचने के लिए विशेष रैंप का निर्माण किया जा रहा है। यह रैंप पीएमसीएच परिसर में बन रही मल्टी लेवल कार पार्किंग से जोड़ा जाएगा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल तक पहुंचने में आसानी होगी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य अप्रैल तक पूरा होने की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि रैंप के तैयार हो जाने के बाद पीएमसीएच आने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलेगी और पार्किंग तक पहुंचना भी सुगम हो जाएगा।

तीन स्थानों पर बनेंगे रैंप

परियोजना के तहत कुल तीन रैंप बनाए जाएंगे। इनमें से दो रैंप डबल डेकर फ्लाईओवर के ऊपरी हिस्से से जुड़े होंगे, जबकि एक रैंप निचले फ्लाईओवर से जोड़ा जाएगा। फिलहाल स्थान की उपलब्धता को देखते हुए एक रैंप का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।

प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने हाल ही में पीएमसीएच रोगी कल्याण समिति की बैठक में निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया था।

अशोक राजपथ से होगी सीधी कनेक्टिविटी

अशोक राजपथ स्थित अंजुमन इस्लामिया हॉल के पास रैंप का निर्माण कार्य जारी है। रैंप बनने के बाद इसे सीधे मल्टी लेवल कार पार्किंग से जोड़ा जाएगा। फ्लाईओवर से पीएमसीएच तक की दूरी लगभग 75 से 100 मीटर बताई जा रही है। पार्किंग तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए तीन पायों का निर्माण किया जाएगा, जिन्हें रैंप से जोड़ा जाएगा।

तीनों प्रस्तावित रैंपों में पहला अंजुमन इस्लामिया हॉल के पूरब दिशा में, दूसरा पश्चिम दिशा में बनाया जाएगा, जबकि तीसरा रैंप पीएमसीएच के गेट नंबर दो के पास प्रस्तावित है। हालांकि गेट नंबर दो के पास रैंप निर्माण में देरी हो रही है, क्योंकि वहां स्थित पुरानी इमारत को अभी तक नहीं तोड़ा गया है। इस इमारत को तोड़ने की जिम्मेदारी Larsen & Toubro (L&T) कंपनी को सौंपी गई है।

परियोजना पूरी होने के बाद पीएमसीएच आने वाले मरीजों, एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही पहले से कहीं अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

  • Related Posts