मोतिहारी में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, होटल दिलाने के बहाने सुनसान मकान में ले गए आरोपी; एक गिरफ्तार

मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी से एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। दिल्ली से बिहार घूमने आई 16 वर्षीय किशोरी के साथ दो युवकों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता दिल्ली की रहने वाली है और वह अपने एक दोस्त के साथ बिहार घूमने आई थी। दोनों 13 मार्च की रात ट्रेन से बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उन्हें आगे सीतामढ़ी जाना था, लेकिन देर रात होने के कारण वे स्टेशन के पास रुकने के लिए जगह तलाश रहे थे।

होटल में कमरा दिलाने का झांसा
इसी दौरान दो युवकों ने उनसे संपर्क किया और होटल में कमरा दिलाने की बात कही। आरोपियों की पहचान महमूद नगर निवासी अब्बास आलम और तुफैल आलम के रूप में हुई है। दोनों युवक उन्हें बाइक से शहर के एक किराए के मकान में ले गए।

बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद आरोपी वापस आए और आधार कार्ड दिखाने के बहाने किशोरी के दोस्त को अपने साथ बाहर ले गए। इसके बाद आरोपियों ने लड़की को डराकर उसके साथ गलत काम किया।

दोस्त ने पुलिस को दी सूचना
इस बीच लड़की का दोस्त किसी तरह वहां से निकलने में सफल हो गया और उसने तुरंत बंजरिया थाना पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाला।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
बंजरिया थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी अब्बास आलम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता के बयान के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। वहीं फरार आरोपी तुफैल आलम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • Related Posts

    शराबबंदी में बड़ी कार्रवाई: पूर्व सांसद के भतीजे को पुलिस ने नशे की हालत में दबोचा, रसूख दिखाने पर भी नहीं मिली राहत

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    मौसम का यू-टर्न: बिहार के सभी 38 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, 20 मार्च तक बदल सकता है मौसम

    Share Add as a preferred…

    Continue reading