बिहार में राज्यसभा चुनाव: मांझी ने NDA को याद दिलाया पुराना वादा, बढ़ी सियासी हलचल

पटना। बिहार में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। दोनों प्रमुख गठबंधन अपने-अपने संख्याबल को साधने में जुटे हैं। इस बीच एनडीए में शामिल हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने सहयोगी दल भारतीय जनता पार्टी को पुराने वादे की याद दिलाई है। पार्टी के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या वे राज्यसभा की गणित को प्रभावित करेंगे?

‘वादा किया था, याद रखिए’

राज्यसभा सीट को लेकर नाराजगी की अटकलों को खारिज करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा कि वे नाराज नहीं हैं, लेकिन उन्हें लोकसभा की दो सीट और राज्यसभा की एक सीट देने का वादा किया गया था। उन्होंने कहा कि लोकसभा में एक सीट मिलने पर वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं।

मांझी ने कहा, “मैं राज्यसभा की सीट नहीं मांगूंगा, लेकिन आपने वादा किया था। देना चाहें तो ठीक, नहीं देना चाहें तो भी ठीक, मगर वचन का सवाल है।”

बिहार की पांच सीटें अहम

देशभर में 37 सीटों के लिए प्रस्तावित राज्यसभा चुनाव में बिहार की पांच सीटें खास मानी जा रही हैं। इन सीटों पर एनडीए के तीन और महागठबंधन के दो सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

बिहार से जिन नेताओं का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें रामनाथ ठाकुर, हरिवंश नारायण सिंह, उपेंद्र कुशवाहा, प्रेमचंद्र गुप्ता और अमरेंद्रधारी सिंह शामिल हैं।

क्या कहता है विधानसभा का गणित?

विधानसभा के मौजूदा आंकड़ों के अनुसार एनडीए के पास 202 विधायक हैं। एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 41 वोट जरूरी हैं। ऐसे में पांचों सीटें जीतने के लिए 205 विधायकों का समर्थन चाहिए।

दूसरी ओर महागठबंधन के पास 35 विधायक हैं। यदि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के 5 और बहुजन समाज पार्टी के 1 विधायक समर्थन देते हैं तो विपक्ष एक सीट निकालने की स्थिति में आ सकता है।

सूत्रों के मुताबिक एनडीए के भीतर दो सीटें भाजपा, दो जनता दल (यूनाइटेड) और एक सीट सहयोगी दल को देने के फार्मूले पर चर्चा चल रही है। सहयोगी दलों के बीच राज्यसभा सीट को लेकर मंथन जारी है।

अब देखना होगा कि एनडीए नेतृत्व पुराने वादे को किस तरह संतुलित करता है और राज्यसभा की इस सियासी बाजी में किसके हाथ सफलता लगती है।

  • Related Posts

    उन्नत बिहार का सपना अब धरातल पर! 114वें बिहार दिवस का पटना में गौरवमयी समापन; डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पेश किया ‘उज्ज्वल बिहार’ का रोडमैप

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    बिहार में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए ‘बड़ी खबर’! 1 अप्रैल से बदलेंगे बिजली के दाम; दिन में मिलेगी 20% की भारी छूट, तो शाम को जलेगी ‘महंगी’ बत्ती

    Share Add as a preferred…

    Continue reading