ओडिशा में राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए अपने तीन विधायकों को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। Odisha Pradesh Congress Committee ने क्रॉस वोटिंग के आरोप में रमेश जेना, दशरथी गमांग और सोफिया फिरदौस के खिलाफ यह सख्त कदम उठाया है।
सोमवार को हुए राज्यसभा चुनाव की मतगणना के बाद सामने आया कि ओडिशा में विपक्ष को बड़ा झटका लगा है। जानकारी के मुताबिक, बीजू जनता दल (BJD) के 8 और कांग्रेस के 3 विधायकों ने पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर वोट किया। इन विधायकों ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय को समर्थन दिया।
ओडिशा में राज्यसभा की कुल 4 सीटों पर मतदान हुआ था, जिनमें से 3 सीटों पर भाजपा की जीत लगभग तय मानी जा रही है। वहीं, बीजेडी और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार डॉ. दत्तेश्वर मैदाना को अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका।
बताया जा रहा है कि नवीन पटनायक को भी इस स्तर की क्रॉस वोटिंग की उम्मीद नहीं थी। चुनाव के बाद कुछ विधायकों ने खुलकर पार्टी के खिलाफ मतदान करने की बात स्वीकार भी की।
कांग्रेस का कहना है कि पार्टी अनुशासन बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी। इस फैसले के बाद ओडिशा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और अन्य राजनीतिक दल भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


