राहुल गांधी का बिहार में हमला — “नीतीश कुमार मोदी-शाह के रिमोट से चल रहे, महागठबंधन की सरकार बनी तो नालंदा में बनेगा दुनिया का सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय”

नालंदा व शेखपुरा की सभाओं में बोले नेता प्रतिपक्ष, कहा — बिहार में पेपर लीक से युवाओं का भविष्य खतरे में

नालंदा/शेखपुरा, 31 अक्टूबर 2025 — लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को नालंदा के नूरसराय स्थित चंडासी स्टेडियम और शेखपुरा के कारे गांव में आयोजित जनसभाओं में एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर राज्य और केंद्र दोनों जगह महागठबंधन की सरकारें बनती हैं, तो नालंदा में दुनिया का सबसे उत्कृष्ट विश्वविद्यालय बनाया जाएगा।

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “नीतीश कुमार खुद कुछ नहीं बोलते, वे मोदी और अमित शाह के रिमोट से चलते हैं। जब प्रधानमंत्री मोदी बटन दबाते हैं, तब नीतीश कुमार बोलने लगते हैं। आज बिहार को नीतीश नहीं, बल्कि दिल्ली से मोदी और शाह चला रहे हैं।”

उन्होंने पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा और कहा, “बिहार का युवा डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना देखता है। दिन-रात मेहनत करता है, लेकिन परीक्षा से एक दिन पहले पता चलता है कि पेपर लीक हो गया है। इससे बड़ी बदनामी और अन्याय कोई नहीं।”

राहुल ने कहा कि वे जब भी देश के किसी प्रदेश में जाते हैं, तो वहां बिहार के मेहनती लोग दिखाई देते हैं। “बिहार के लोग जब दुबई और बेंगलुरु जैसे शहर बना सकते हैं, तो अपने राज्य को क्यों नहीं? जरूरत सिर्फ सोच बदलने और नई दिशा देने की है,” उन्होंने कहा।

नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि एनडीए सरकार में बिहार का युवा न नौकरी पा सकता है और न रोजगार, सिर्फ मजदूरी करने को मजबूर है। उन्होंने कहा, “अब बिहार में वोट चोरी की साजिश रची जा रही है। जनता को सजग रहना होगा।”

अपने 14 मिनट के भाषण में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम 12 बार और अडाणी-अंबानी का आठ बार लिया। उन्होंने कहा कि देश की नीतियां चंद उद्योगपतियों के हित में बन रही हैं, जबकि युवाओं और गरीबों की अनदेखी की जा रही है।

सभा में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह, प्रदेश प्रभारी अलावरु, क्षेत्रीय प्रभारी देवेंद्र यादव समेत कई नेता मंच पर मौजूद रहे।


 

  • Related Posts