नई दिल्ली: संसद भवन के मकर द्वार पर आज उस समय माहौल गरमा गया जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी बहस हो गई। विपक्षी दल वहां विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे थे, इसी दौरान दोनों नेताओं का आमना-सामना हुआ।
“गद्दार दोस्त” और “देश का दुश्मन” तक पहुंची बात
प्रदर्शन के बीच राहुल गांधी जब रवनीत बिट्टू से मिले तो उन्होंने हैंडशेक के लिए हाथ बढ़ाया, लेकिन बिट्टू ने हाथ आगे नहीं किया। इस पर राहुल गांधी ने उन्हें “मेरा गद्दार दोस्त” कह दिया। जवाब में बिट्टू ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें “देश के दुश्मनों” से कोई लेना–देना नहीं है। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच उंगली दिखाकर तीखी बयानबाजी हुई।
मकर द्वार पर चल रहा था विपक्ष का प्रदर्शन
कांग्रेस सहित विपक्षी सांसद मकर द्वार पर हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान राहुल गांधी वहां पहुंचे और थोड़ी ही देर में उनका सामना रवनीत बिट्टू से हो गया। घटना के बाद कुछ देर तक वहां तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पहले भी हो चुकी है तल्ख बयानबाजी
राहुल गांधी और रवनीत बिट्टू के बीच यह टकराव पहली बार नहीं है। सितंबर 2024 में भी बिट्टू ने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी सिख समुदाय को बांटने की कोशिश कर रहे हैं और सिख किसी एक राजनीतिक दल से जुड़े नहीं हैं।
अमेरिका में राहुल गांधी द्वारा सिखों को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बिट्टू ने तब कहा था, “राहुल गांधी ने सिखों को बांटने की कोशिश की है, सिख किसी पार्टी से बंधे नहीं हैं। यह चिंगारी लगाने का प्रयास है।”
सियासत और तेज होने के आसार
संसद परिसर में हुई इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। विपक्ष ने इसे सरकार की असहिष्णुता बताया है, जबकि सत्तापक्ष राहुल गांधी के रवैये पर सवाल उठा रहा है।


