पूर्णिया, 8 सितंबर 2025।जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने आज अपनी बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में रूपौली विधानसभा क्षेत्र के रूपौली हाई स्कूल मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला।
नीतीश सरकार पर निशाना
PK ने कहा कि जन सुराज की सभाओं में जनता की बढ़ती भीड़ देखकर नीतीश सरकार घबराई हुई है।
“अभी तो लोगों ने वोट भी नहीं दिया, सिर्फ सभाओं में आना शुरू किया है और नीतीश कुमार ने बुजुर्गों का पेंशन 400 से 1100 रुपये कर दिया, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सेविकाओं का मानदेय बढ़ा दिया, रसोइयों की सैलरी बढ़ाई और बिजली 125 यूनिट तक मुफ्त कर दी। यह सब जनता के डर से हो रहा है। पहले इन्हें लगता था कि लोग लालू के डर से वोट देंगे, लेकिन अब जनता को जन सुराज के रूप में विकल्प मिल गया है।” – PK
कांग्रेस और तारिक अनवर पर तंज
कटिहार के कांग्रेस सांसद तारिक अनवर के कंधे पर चढ़कर बाढ़ निरीक्षण करने के वायरल वीडियो पर भी PK ने हमला बोला।
“यह कांग्रेस नेताओं की राजशाही मानसिकता को दिखाता है। जनता की पीड़ा देखने का यह तरीका नहीं है। राहुल गांधी भी बिहार आए और 6 दिन में ही राज्य की सभी समस्याओं को समझकर चले गए।” – PK
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत
चुनाव आयोग और नागरिकता विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश का स्वागत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा –
“हम पहले से कह रहे हैं कि अगर आपके पास आधार कार्ड है तो डरने की जरूरत नहीं है। चुनाव आयोग को नागरिकता तय करने का अधिकार नहीं है। अगर 2–4 लोगों का नाम मतदाता सूची से कट भी गया, तो भी बाकी जनता नीतीश कुमार और भाजपा को सबक सिखाने के लिए काफी है।”
जन सुराज के बढ़ते कदम
बिहार बदलाव यात्रा के तहत प्रशांत किशोर पिछले कई महीनों से गांव-गांव जाकर सभाएँ कर रहे हैं। उनके कार्यक्रमों में लगातार बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। PK का दावा है कि जनता अब परिवर्तन चाहती है और जन सुराज को ही सही विकल्प मान रही है।


