
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक पर शनिवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मंदिर में पूजा करने पहुंचे स्थानीय किताब दुकानदार एवं प्रॉपर्टी डीलर श्याम कुमार कुशवाहा उर्फ श्याम सुंदर प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पूजा के दौरान की गई ताबड़तोड़ फायरिंग
जानकारी के अनुसार, श्याम कुमार कुशवाहा रोज की तरह शनिवार सुबह डेरा चौक स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन अपराधियों ने उन पर बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई उम्मीद
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल अवस्था में उन्हें तत्काल इलाज के लिए एसकेएमसीएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने पहले मिली धमकियों का किया जिक्र
मृतक के बड़े भाई मोहन प्रसाद ने बताया कि श्याम कुमार पूजा करने गए थे। उनका आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से गांव के कुछ लोगों द्वारा उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही थीं। इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए सभी दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने गोली के खोखे बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
एफएसएल टीम जुटा रही वैज्ञानिक साक्ष्य
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि मृतक मंदिर में पूजा करने आया था, तभी तीन लोगों ने मिलकर उस पर गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। साथ ही एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें।
पुराने विवाद की भी हो रही जांच
पुलिस के अनुसार, परिजनों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि मृतक का पहले से कुछ लोगों के साथ विवाद चल रहा था, जिसके संबंध में पूर्व में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
फिलहाल पुलिस जमीन विवाद, आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और हाल में मिली कथित धमकियों सहित सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
ग्रामीण एसपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


