भागलपुर में शांतिपूर्ण मतदान की तैयारी तेज, प्रेक्षकों के साथ हुई उच्चस्तरीय समन्वय बैठक

भागलपुर, 22 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक अहम समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के प्रेक्षक, पुलिस प्रेक्षक, व्यय प्रेक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत और नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार समेत जिले के सभी कोषांगों और नोडल अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से भागलपुर जिले की निर्वाचन तैयारियों की पूरी रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने सभी प्रेक्षकों को जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में बनाए गए मतदान केन्द्रों, कुल निर्वाचकों, 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं, दिव्यांग (PWD) मतदाताओं और महिला मतदाताओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।

जिले में होंगे 37 मॉडल मतदान केन्द्र, महिलाओं और दिव्यांग कर्मियों की भूमिका अहम

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 2678 मतदान केन्द्र और 8 सहायक केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 37 को मॉडल मतदान केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि 14 मतदान केन्द्रों का संचालन केवल महिला कर्मियों द्वारा किया जाएगा, जबकि 7 केन्द्रों का संचालन दिव्यांग कर्मियों (PWD) द्वारा किया जाएगा — ताकि समाज के सभी वर्गों की समान भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

मतदान कर्मियों की तैनाती के लिए छह डिस्पैच सेंटर

मतदान कर्मियों को भेजने के लिए जिले में छह डिस्पैच सेंटर बनाए गए हैं।

  • भागलपुर और नाथनगर के कर्मियों का डिस्पैच राजकीय पॉलीटेक्निक, बरारी से होगा।
  • सुल्तानगंज के लिए राजकीय महिला आईटीआई,
  • बिहपुर के लिए इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय, तुलसीपुर,
  • गोपालपुर के लिए इंटर स्तरीय विद्यालय, नवगछिया,
  • पीरपैंती के लिए लक्ष्मी नारायण उच्च विद्यालय, मलिकपुर,
  • और कहलगांव के लिए इंटर स्तरीय शारदा पाठशाला से मतदान कर्मियों की रवाना होगी।

EVM भंडारण और सुरक्षा पर विशेष निगरानी

ईवीएम के संग्रहण के लिए दो अलग-अलग केन्द्र बनाए गए हैं।

  • राजकीय महिला आईटीआई में बिहपुर, गोपालपुर और सुल्तानगंज विधानसभाओं की मशीनें रखी जाएंगी।
  • जबकि शेष चार विधानसभाओं के लिए राजकीय पॉलीटेक्निक, बरारी को ईवीएम वेयरहाउस के रूप में चुना गया है।

सुरक्षा व्यवस्था सख्त, अपराधियों पर निगरानी बढ़ी

जिले में भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं।
लगभग 150 अपराधियों को CCA-3 और CCA-12 के तहत थाना बदर किया गया है, जबकि 2687 शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों में से 662 शस्त्र जमा कराए गए हैं
साथ ही, 394 नॉन-बेलेबल वारंट का निष्पादन किया जा चुका है और आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के पांच मामले दर्ज किए गए हैं।

वेलनेरेबल इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा CAPF फ्लैग मार्च कराया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत भागलपुर पुलिस जिला के लिए 72 कंपनियां और नवगछिया के लिए 25 कंपनियां केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की तैनात की गई हैं।

प्रशासन का संदेश — भयमुक्त होकर करें मतदान

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि “प्रशासन का पूरा प्रयास है कि हर मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे। सुरक्षा, पारदर्शिता और विश्वसनीयता हमारी प्राथमिकता है।”


 

  • Related Posts

    समृद्धि यात्रा के दौरान बेगूसराय में विकास योजनाओं की समीक्षा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को दिए तेज क्रियान्वयन के निर्देश

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    समृद्धि यात्रा में बेगूसराय को बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 274 करोड़ की 400 योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

    Share Add as a preferred…

    Continue reading