इंडियन आइडल 3 के विजेता प्रशांत तमांग का निधन, हार्ट अटैक से हुआ देहांत

नई दिल्ली। इंडियन आइडल सीजन 3 के विजेता और लोकप्रिय सिंगर-एक्टर प्रशांत तमांग का निधन हो गया है। नेपाल न्यूज के अनुसार, उन्हें आज सुबह दिल्ली स्थित उनके आवास पर हार्ट अटैक आया, जिसे डॉक्टर बचा नहीं सके। उन्हें द्वारका के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की पुष्टि फिल्म प्रोड्यूसर राजेश घटानी ने की है।

प्रशांत तमांग की उम्र 45 वर्ष बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह हाल ही में अरुणाचल प्रदेश में एक परफॉर्मेंस से लौटे थे और उन्हें किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। अचानक आए इस हार्ट अटैक से उनके परिवार, प्रशंसकों और इंडस्ट्री को गहरा सदमा लगा है।


सिंगिंग से एक्टिंग तक का सफर

प्रशांत तमांग ने इंडियन आइडल 3 जीतकर देशभर में पहचान बनाई थी। उनकी सादगी भरी आवाज और व्यक्तित्व ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। शो जीतने के बाद उन्होंने कई म्यूजिक एल्बम, नेपाली और बंगाली गाने किए और हिंदी म्यूजिक इंडस्ट्री में भी अपनी अलग पहचान बनाई।

उन्होंने फिल्मों में भी काम किया, जिनमें ‘गोरखा पलटन’ का गीत खासा लोकप्रिय रहा। इसके साथ ही प्रशांत ने अभिनय की दुनिया में भी कदम रखा।


पाताल लोक 2 में निभाया था अहम किरदार

हाल ही में प्रशांत तमांग को जयदीप अहलावत की वेब सीरीज ‘पाताल लोक सीजन 2’ में डेनियल लेचो के किरदार में देखा गया था। हालांकि उनके सीन सीमित थे, लेकिन लंबे समय बाद स्क्रीन पर उनकी वापसी ने फैंस को चौंका दिया था।
इसके अलावा खबरें थीं कि वह सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में भी नजर आने वाले थे।


परिवार और फैंस में शोक

प्रशांत तमांग अपने परिवार के बेहद करीब थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटी हैं। उनके अचानक निधन से म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री को बड़ी क्षति पहुंची है। सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्रिटीज उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।


इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति

सिंगिंग और एक्टिंग दोनों में अपनी पहचान बनाने वाले प्रशांत तमांग का असमय जाना इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है। उनकी आवाज, सादगी और संघर्ष की कहानी हमेशा उनके प्रशंसकों के दिलों में जिंदा रहेगी।

  • Related Posts

    रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के बाद रणवीर सिंह को मिली धमकी, करोड़ों की मांग वाला वॉइस नोट भेजा गया

    Share Add as a preferred…

    Continue reading