प्रशांत किशोर का बड़ा आरोप: स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की पत्नी के खाते में 2.12 करोड़ रुपये जमा

पटना। बिहार की राजनीति में चुनावी सरगर्मी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर (PK) ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मंत्री की पत्नी उर्मिला पांडेय के बैंक खाते में 2 करोड़ 12 लाख रुपये जमा हैं।

फ्लैट खरीद को लेकर आरोप

PK ने कहा कि कोरोना काल में मंगल पांडेय ने नई दिल्ली के द्वारका में फ्लैट खरीदा था। इसके लिए उन्होंने सीधे पैसा न लेकर अपने पिता के अकाउंट में 25 लाख रुपये ट्रांसफर करवाए और बाद में यह राशि पत्नी उर्मिला पांडेय के नाम पर कर दी। PK ने आरोप लगाया कि इसी पैसे से फ्लैट का भुगतान किया गया।

बैंक स्टेटमेंट किया सार्वजनिक

प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि उनके पास पुख्ता सबूत हैं। उन्होंने कहा, “मंत्री मंगल पांडेय की पत्नी के खाते में आज की तारीख में 2.12 करोड़ रुपये जमा हैं। यह रकम 2019-20 में डेट-वाइज आई है। अब सवाल है कि इतनी बड़ी राशि कहां से आई?”

PK ने चेतावनी दी कि अगर मंत्री इस पर सफाई नहीं देंगे तो वह जल्द ही यह भी उजागर करेंगे कि पैसा किन-किन खातों से आया था।

“मान लीजिए, वरना पूरा काला चिट्ठा खोल दूँगा”

PK ने कहा, “आप कहते हैं कि आपके पास फ्लैट खरीदने के लिए 25 लाख रुपये नहीं थे, तब आपने कर्ज लिया। लेकिन अगर आपकी पत्नी के खाते में करोड़ों रुपये थे, तो आपने इसका खुलासा क्यों नहीं किया? मान लीजिए, वरना मैं अगली बार पूरा काला चिट्ठा सामने रख दूँगा।”

भाजपा का पलटवार

PK के आरोपों पर भाजपा ने कड़ा पलटवार किया है। पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, “प्रशांत किशोर को झूठा आरोप लगाने की आदत है। उनकी बातों का कोई मतलब नहीं है। अगर उनमें हिम्मत है तो हमारे सवालों का जवाब दें। उनका असली धंधा ब्लैकमेलिंग का है और ये आरोप पूरी तरह तथ्यहीन हैं।”

चुनावी मौसम में बढ़ी हलचल

PK और मंगल पांडेय के बीच यह टकराव चुनावी मौसम में बिहार की राजनीति को और गरमा सकता है। अब सबकी निगाहें इस पर हैं कि क्या PK अपने अगले खुलासे में और बड़े सबूत पेश करेंगे या भाजपा इस मामले को कानूनी रूप से चुनौती देगी।

GridArt 20250920 105739721

  • Related Posts