
जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि राघोपुर से चुनाव लड़ने की चर्चा से ही तेजस्वी यादव दूसरी सीट की तलाश में जुट गए हैं। PK ने तंज कसा कि तेजस्वी का हाल भी अमेठी में राहुल गांधी जैसा होगा।
पटना: जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने शनिवार को बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। राघोपुर से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी और जनता मिलकर करेगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनके चुनाव लड़ने की चर्चा मात्र से ही तेजस्वी यादव दूसरी सीट खोजने लगे हैं।
प्रशांत किशोर ने कहा
“तेजस्वी यादव का हाल वही होगा जो राहुल गांधी का अमेठी में हुआ था। वो वायनाड भागे और अमेठी से हार गए। तेजस्वी को भी अब दो जगह से चुनाव लड़ना पड़ेगा। अभी तो चुनाव शुरू हुआ है, आगे-आगे देखिए क्या होता है।”
राघोपुर में करेंगे मंथन
प्रशांत किशोर ने कहा कि वे शनिवार को राघोपुर जा रहे हैं, जहां जन सुराज परिवार के उन कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे जिन्होंने राजद के प्रभाव वाले क्षेत्रों में जन सुराज की विचारधारा को जनता तक पहुंचाया है।
“मैं राघोपुर में पूरा दिन रहूंगा और यह समझने का प्रयास करूंगा कि वहां से चुनाव लड़ने के लिए कौन सबसे बेहतर उम्मीदवार हो सकता है,” प्रशांत किशोर, सूत्रधार, जन सुराज पार्टी
राघोपुर: लालू परिवार का गढ़
राघोपुर विधानसभा सीट लालू प्रसाद यादव परिवार का परंपरागत गढ़ मानी जाती है। लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को यहां की जनता लगातार जीत का आशीर्वाद देती रही है। तेजस्वी यादव ने 2015 और 2020 दोनों विधानसभा चुनावों में इस सीट से जीत दर्ज की थी।
अमेठी बनाम राघोपुर का उदाहरण
2019 लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को अमेठी सीट पर भाजपा की स्मृति ईरानी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, जबकि उन्होंने केरल की वायनाड सीट से जीत हासिल की थी। प्रशांत किशोर ने इसी उदाहरण को देते हुए कहा कि जैसे अमेठी गांधी परिवार की परंपरागत सीट थी, वैसे ही राघोपुर लालू परिवार का गढ़ है – और अब वहां बदलाव की लहर चल रही है।



