गोपालगंज में प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी पर किया हमला, जन सुराज की टिकट प्रक्रिया पर भी दी जानकारी

गोपालगंज | जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में आज गोपालगंज के हथुआ विधानसभा क्षेत्र में ‘बिहार बदलाव जनसभा’ को संबोधित करने पहुंचे। सबेया एयरपोर्ट मैदान में आयोजित जनसभा में उन्होंने बिहार के युवाओं और जनता के मुद्दों पर केंद्रित अपनी बातें रखीं।

राहुल गांधी पर पलटवार

पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी जिसमें कहा गया था कि वे किशोर पर फोकस नहीं कर रहे। इस पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री के परिवार से हैं और उनका फोकस तेजस्वी यादव पर है। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा, “उनके फोकस में बिहार का युवा नहीं है, हमें बिहार से मतलब है। बिहार से पलायन बंद होना चाहिए।”

टिकट देने की प्रक्रिया

जन सुराज पार्टी से उम्मीदवार चयन प्रक्रिया पर प्रशांत किशोर ने बताया कि टिकट के लिए आवेदन में 21,000 रुपये की फीस है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई राजद, भाजपा या कांग्रेस नहीं है जहां टिकट बिकता है। “जनता जिसे चुनेगी, वही जन सुराज का उम्मीदवार बनेगा।”

जनता के लिए बड़े वादे

प्रशांत किशोर ने गोपालगंज की जनता से बड़े वादे किए:

  • दिसंबर 2025 से बुजुर्गों को 2,000 रुपये मासिक पेंशन
  • बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा
  • युवाओं को बिहार में ही 10-12 हजार रुपये का रोजगार

उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी स्कूलों में सुधार न होने तक 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाया जा सकेगा और उनकी फीस सरकार भरेगी।

रोजगार और विकास का बड़ा ऐलान

प्रशांत किशोर ने आश्वासन दिया कि इस साल बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी। छठ के बाद गोपालगंज और बिहार के युवाओं को 10-12 हजार रुपये का रोजगार बिहार में ही मिलेगा। लगभग 50 लाख युवाओं को बिहार लौटकर रोजगार मिलेगा, ताकि उन्हें बाहर पलायन न करना पड़े।


 

  • Related Posts