पटना: राज्यसभा चुनाव की हलचल और होली की सरगर्मी के बीच बिहार की राजनीति में नया रंग घुलने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंच रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला अवसर है जब वे होली के मौके पर बिहार में मौजूद रहेंगे, जिससे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
पटना के बेली रोड स्थित चटकारा फूड कोर्ट में दोपहर 12:30 बजे भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश नेतृत्व के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। समारोह में प्रदेश अध्यक्ष संजय सारगवी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह आयोजन केवल होली मिलन तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठनात्मक मजबूती और आपसी समन्वय को और सशक्त बनाने की रणनीति का हिस्सा है। होली के रंगों के बीच कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी चर्चा की जाएगी।
पटना साहिब, कुम्हरार, बांकीपुर और दीघा विधानसभा क्षेत्रों के मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा पटना महानगर इकाई ने इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं।
दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया और भाजपा जिला अध्यक्ष रूप नारायण मेहता संयुक्त रूप से कार्यक्रम की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा, मंच संचालन, अतिथियों के स्वागत और व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।
5 मार्च को राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। इन दो दिनों में पटना की फिजा होली के रंग और सियासी संदेश—दोनों से सराबोर रहने वाली है।


