लालू यादव के नए ठिकाने को लेकर सियासी हलचल तेज, कौटिल्य नगर बन सकता है नया आशियाना

पटना। बिहार की सियासत में एक बार फिर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के आवास को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का आदेश मिलने के बाद यह सवाल लगातार उठ रहा है कि लालू यादव और उनका परिवार अब कहां शिफ्ट होगा।

10 सर्कुलर रोड खाली करने का आदेश

बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का निर्देश जारी किया है। यह वही आवास है, जो बीते करीब 20 वर्षों से लालू-राबड़ी परिवार की पहचान बना हुआ था। सत्ता से बाहर होने के बावजूद लंबे समय तक यह बंगला परिवार के पास रहा, लेकिन अब आदेश के बाद इसे खाली करना तय माना जा रहा है।

महुआ बाग से कौटिल्य नगर तक चर्चा

आदेश के बाद सबसे पहले यह चर्चा सामने आई थी कि लालू यादव पटना के महुआ बाग इलाके में बन रहे अपने निजी आवास में शिफ्ट होंगे। महुआ बाग का यह निर्माणाधीन बंगला पहले से ही सियासी चर्चाओं में रहा है। जदयू नेता नीरज कुमार कई बार इस मकान को लेकर सवाल उठा चुके हैं।
हालांकि अब एक नई चर्चा जोर पकड़ रही है कि लालू यादव का नया ठिकाना महुआ बाग नहीं, बल्कि पटना के कौटिल्य नगर इलाके में बन रहा आलीशान मकान हो सकता है।

लगभग बनकर तैयार है कौटिल्य नगर का मकान

सूत्रों के मुताबिक, कौटिल्य नगर में बन रहा यह मकान लगभग बनकर तैयार है। फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है और जल्द ही गृह प्रवेश की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह आवास आधुनिक सुविधाओं से लैस है और सुरक्षा के लिहाज से भी उपयुक्त माना जा रहा है।

वरिष्ठ पत्रकार सुनील पांडेय के अनुसार, यह मकान खास तौर पर लालू प्रसाद यादव की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें स्वास्थ्य, सुरक्षा और आवागमन की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।

“लालू प्रसाद लंबे समय से स्वास्थ्य कारणों से दिल्ली और पटना के बीच आवाजाही करते रहे हैं। ऐसे में पटना में एक स्थायी, निजी और सुरक्षित आवास की जरूरत को देखते हुए कौटिल्य नगर का मकान उनके लिए उपयुक्त माना जा रहा है।”
सुनील पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार

आवास से जुड़ी है सियासत

लालू यादव का आवास केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि हमेशा से राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। सत्ता से बाहर होने के बाद भी पिछले दो दशकों तक 10 सर्कुलर रोड बिहार की राजनीति का अहम ठिकाना बना रहा। ऐसे में यदि लालू यादव कौटिल्य नगर शिफ्ट होते हैं, तो माना जा रहा है कि यह इलाका धीरे-धीरे राजद की सियासत का नया केंद्र बन सकता है।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

फिलहाल, लालू यादव या उनके परिवार की ओर से नए आवास को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह स्पष्ट नहीं है कि वे महुआ बाग जाएंगे या कौटिल्य नगर के नए मकान में शिफ्ट होंगे। हालांकि, कौटिल्य नगर वाले मकान के लगभग तैयार होने और वहां की गतिविधियों को देखते हुए अटकलें तेज हो गई हैं कि आने वाले दिनों में यही लालू यादव का नया आशियाना हो सकता है।


 

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading