बिहार के मुंगेर जिले से पुलिस पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। नया रामनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाटम पश्चिमी पंचायत के कन्हैयाचक पाटम रघुनाथटोला में शनिवार देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब शराब माफिया को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया।
घटना के बाद एसपी सैयद इमरान मसूद ने मामले को संदिग्ध बताते हुए कुछ लोगों के साथ-साथ एक सिपाही की गिरफ्तारी की बात कही है।
वरीय पदाधिकारी को बिना सूचना दी गई छापेमारी
एसपी सैयद इमरान मसूद के अनुसार, जांच में सामने आया है कि मुफस्सिल थाना की क्यूआरटी टीम के एक सिपाही को सूचना मिली थी कि पाटम की ओर से शराब तस्कर शराब लेकर आ रहे हैं। इसके बाद सिपाहियों ने वरीय पदाधिकारी को बिना सूचना दिए ही छापेमारी की।
इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया।
सिपाही की भूमिका पर उठे सवाल
एसपी ने बताया कि
सिविल ड्रेस में छापेमारी करना और लोकल थाना को सूचना न देना पूरे मामले को संदिग्ध बनाता है। प्रारंभिक जांच में सिपाही की भूमिका भी शक के दायरे में पाई गई है।
“बिना वरीय पदाधिकारी और स्थानीय थाना को बताए सिविल ड्रेस में कार्रवाई करना गंभीर लापरवाही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।”
— सैयद इमरान मसूद, एसपी, मुंगेर
चार आरोपी गिरफ्तार, सिपाही भी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जो सिपाही के साथ मारपीट में शामिल थे।
“घटनास्थल से चार लोगों की गिरफ्तारी की गई है। ये सभी सिपाही से मारपीट में शामिल थे।”
— एसपी, मुंगेर
मोबाइल जांच में मिले संदिग्ध सबूत
एसपी ने बताया कि
एक सिपाही के मोबाइल फोन की जांच में कुछ संदिग्ध सबूत मिले हैं। इस मामले में कुछ सिपाहियों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें वह सिपाही भी शामिल है, जिसने कथित तौर पर लोगों को प्रताड़ित करने का प्रयास किया था।
वसूली के आरोप में फंसे सिपाही
मुफस्सिल थाना के सिपाही सुरेंद्र के मोबाइल की जांच में सामने आया कि उसे किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा और पकड़े गए व्यक्ति का वीडियो बनाया।
आरोप है कि
- वीडियो गलत नीयत से बनाया गया,
- और रुपये वसूली की कोशिश भी की गई।
झड़प में सिपाही का पिस्टल गिरा
ग्रामीणों ने सिविल ड्रेस में कार्रवाई का विरोध किया,
जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच हाथापाई हो गई।
इस दौरान एक सिपाही का पिस्टल गिर गया, जिसकी तलाश जारी है।
ईंट-पत्थर से हमला, इलाके में तनाव
सूत्रों के मुताबिक,
पुलिस टीम रघुनाथटोला निवासी पवन राय के घर छापेमारी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पवन राय और उसके समर्थकों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।
फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।


