
बिहार के Siwan से बड़ी खबर सामने आई है, जहां सोमवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुए एनकाउंटर में ज्वेलरी लूटकांड का एक आरोपी घायल हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने जामापुर ज्वेलरी लूट मामले के आरोपी को पीछा कर गोली मारी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी 26 वर्षीय अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस की गोली उसके दोनों घुटनों को आर-पार कर गई। घायल हालत में उसे सुबह करीब तीन बजे सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक आरोपी की हालत स्थिर थी और उसका इलाज सीवान में भी संभव था, लेकिन पुलिस ने उसे बेहतर सुरक्षा और इलाज के लिए पटना भेज दिया। हालांकि पूरे मामले पर सीवान पुलिस ने आधिकारिक तौर पर विस्तृत बयान जारी नहीं किया है।
बताया जा रहा है कि अंकित कुमार सिंह 6 मई को जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ओम साई ज्वेलरी शॉप में हुई करीब 20 लाख रुपये की लूट में शामिल था। दिनदहाड़े हुई इस वारदात में पांच बदमाशों ने दुकान में घुसकर सोना-चांदी के गहने और नकदी लूट ली थी।
लूट के बाद बदमाशों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की थी। भागने के दौरान स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया था और उसकी जमकर पिटाई कर दी थी। आक्रोशित भीड़ ने उसकी बाइक में भी आग लगा दी थी। घटना के समय पुलिस कैंप घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर मौजूद थी।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री Samrat Choudhary के कार्यकाल में पिछले 33 दिनों के भीतर यह छठा पुलिस एनकाउंटर है। इनमें दो फुल एनकाउंटर और चार हाफ एनकाउंटर शामिल बताए जा रहे हैं।


