बेतिया में छठियार समारोह के दौरान पुलिस जवान की हरकत से हड़कंप, सरकारी पिस्टल का दुरुपयोग तीन पर FIR

बेतिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रामपुर बैरागी गांव में बुधवार की रात छठियार समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब बिहार पुलिस के जवान ने सरकारी पिस्टल का खुलेआम दुरुपयोग किया। जानकारी के अनुसार, पवन सहनी के पुत्र के छठियार भोज के दौरान गोपालगंज के कुचाई कोर्ट थाने में पदस्थापित पुलिस जवान अमित चौधरी ने नर्तकी को पिस्टल थमा दी। नर्तकी मंच पर उस हथियार को लहराती हुई दिखी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो के मुताबिक, जवान अमित चौधरी ने इसके बाद मौके पर हर्ष फायरिंग भी की, जिससे ग्रामीण दहशत में आ गए। मौके पर उसके भाई मिसिर चौधरी और अग्निशमन विभाग के सिपाही अनमोल तिवारी भी मौजूद थे। बताया गया है कि अनमोल तिवारी अपनी मां के मायके आए थे और कई पुलिसकर्मी दोस्त भी समारोह में शामिल थे।

जब ग्रामीणों ने इस खतरनाक हरकत का विरोध किया, तो आरोप है कि पुलिस जवानों ने ग्रामीणों के साथ मारपीट भी की, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थाना की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अमित चौधरी, मिसिर चौधरी और अनमोल तिवारी समेत अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज कर ली है। तीनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

डीएसपी सदर-1 विवेक दीप ने कहा कि सरकारी हथियार का दुरुपयोग गंभीर अनुशासनहीनता है और आरोपियों पर आर्म्स एक्ट समेत कड़ी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वीडियो की प्रामाणिकता की जांच कर रही है।

घटना ने पुलिस अनुशासन, हथियारों की सुरक्षा और सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़ते लापरवाह रवैये पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

  • Related Posts

    भागलपुर में वी केयर का रक्तदान शिविर सफल, 78 लोगों ने किया स्वेच्छा से रक्तदान

    भागलपुर: सामाजिक संस्था द्वारा आज…

    Continue reading
    बिहार दिवस पर पटना में परिवहन विभाग का पवेलियन आकर्षण का केंद्र, मंत्री श्रवण कुमार बोले—ईवी वाहन समय की जरूरत

    पटना: बिहार दिवस के अवसर…

    Continue reading