
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में देशवासियों को ‘जीएसटी बचत उत्सव’ की बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब देश के गरीबों और मध्यम वर्ग के लोगों को डबल फायदा मिलने वाला है।
25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर
प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले ग्यारह वर्षों में 25 करोड़ भारतीय गरीबी से उबर कर एक नए मुकाम पर पहुंचे हैं। यह वर्ग अब नव-मध्यम वर्ग (Neo-Middle Class) के रूप में उभरकर सामने आया है और देश की प्रगति में अहम भूमिका निभा रहा है।
नव-मध्यम वर्ग के लिए बड़ी सौगात
पीएम मोदी ने कहा कि इस नव-मध्यम वर्ग की अपनी आकांक्षाएं और सपने हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इस वर्ष 12 लाख रुपये तक की आय को कर-मुक्त कर दिया है। इसे उन्होंने मध्यम वर्ग के लिए एक “बड़ा उपहार” बताया, जिससे जीवन में सरलता और सुविधा आई है।
गरीब और मध्यम वर्ग को डबल लाभ
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि अब देश के गरीब, नव-मध्यम वर्ग और पारंपरिक मध्यम वर्ग – तीनों को डबल फायदा हो रहा है।
- एक ओर आयकर छूट का लाभ मिल रहा है।
- दूसरी ओर GST में कटौती से रोजमर्रा की चीजें सस्ती हो रही हैं।
पीएम ने कहा कि इन सुधारों से आम नागरिकों के लिए अपने सपनों को पूरा करना अब और भी आसान हो जाएगा।


