सारण में जनसभा, संजय जायसवाल पर पलटवार, जनता से किए बड़े वादे – पेंशन, शिक्षा और रोजगार की गारंटी
सारण, 18 सितम्बर।जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने आज सारण के अमनौर विधानसभा में ‘बिहार बदलाव जनसभा’ को संबोधित किया। कटसा के बावन बीघा मैदान में हुई इस सभा में उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे और भाजपा सांसद संजय जायसवाल पर करारा हमला बोला।
“गुजरात में फैक्ट्री, बिहार में वोट – अब नहीं चलेगा खेल”
पत्रकारों से बातचीत में PK ने कहा –
- “यह बिहार की जनता की ताकत है कि मोदी जी हों, अमित शाह हों या राहुल गांधी – सबको जमीन पर आना पड़ रहा है। लेकिन सवाल वही है – बिहार से पलायन कब रुकेगा? यहां फैक्ट्री कब लगेगी? गुजरात में फैक्ट्री लगाकर बिहार में वोट नहीं लिया जा सकता।”
उन्होंने कहा कि मढ़ौरा की चीनी मिल तभी चालू होगी, जब यहां के लोग बदलाव के लिए वोट करेंगे।
संजय जायसवाल पर तंज – “फड़फड़ाने दीजिए, कल सब गिर जाएंगे”
भाजपा सांसद संजय जायसवाल के बयान पर पलटवार करते हुए PK ने कहा –
“संजय जायसवाल जितना फड़फड़ाना चाहते हैं, फड़फड़ा लें। कल पटना में प्रेस कांफ्रेंस कर चौथा किस्त जारी करेंगे, तब सब लोग धराशायी हो जाएंगे।”
जनता से किए बड़े वादे
अमनौर की सभा में PK ने कई बड़े ऐलान भी किए –
- दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रुपये मासिक पेंशन।
- सरकारी स्कूलों में सुधार होने तक 15 साल से कम उम्र के बच्चों की निजी स्कूलों की फीस सरकार भरेगी।
- सारण के युवाओं को बाहर मजदूरी नहीं करनी होगी, 10-12 हजार रुपये का रोजगार बिहार में ही मिलेगा।
- बिहार भर के 50 लाख प्रवासी युवाओं को वापस बुलाकर राज्य में रोजगार देने की गारंटी।
“यह बदहाली की आखिरी दिवाली”
PK ने कहा –
“यह बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी। अगले साल से सारण के युवाओं को घर-परिवार छोड़कर मजदूरी करने बाहर नहीं जाना पड़ेगा।”
प्रशांत किशोर के इस आक्रामक बयान और वादों ने एक बार फिर बिहार की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।


