पटना: बिहार की सियासत इन दिनों एक निर्णायक मोड़ पर खड़ी दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री Nitish Kumar के राज्यसभा जाने की चर्चा अब तेज हो गई है। खबर है कि वे आज विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इस खबर के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल और अटकलों का दौर तेज हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, Nitish Kumar भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष Nitin Nabin के साथ नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। इस पूरे घटनाक्रम को राष्ट्रीय महत्व देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के भी पटना आने की खबर है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष Sanjay Saraogi ने बताया कि Amit Shah दोपहर करीब 12 बजे पटना पहुंचेंगे और 1:30 से 2 बजे के बीच नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो सकती है।
उधर प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल बढ़ गई है। Kartikeya Sharma स्वयं मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले चुके हैं। सीएम हाउस के बाहर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
इस बीच मुख्यमंत्री आवास के बाहर भावनात्मक दृश्य भी देखने को मिले। जदयू नेता Rajiv Ranjan मीडिया के सामने फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने कहा, “बिहार की जनता रो रही है। किसी ने होली नहीं मनाई। हमने 2030 तक के लिए नीतीश जी के नाम पर वोट मांगा था। हमसे किसी ने पूछा तक नहीं। अगर नीतीश नहीं रहेंगे तो हम क्या करेंगे?”
वहीं बिहार सरकार में मंत्री Ashok Choudhary ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “कुछ ही घंटों का सवाल है, जल्द ही सब साफ हो जाएगा।”
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यह बिहार की राजनीति में एक युग के अंत का संकेत है या फिर नई राजनीतिक पटकथा की शुरुआत। फिलहाल पटना से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल तेज है और आने वाले कुछ घंटों में तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।

