
नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया पर चर्चा में आए दिहाड़ी मजदूर मोहम्मद इरफान ने एक नया दावा किया है। ‘द लल्लनटॉप’ को दिए इंटरव्यू में इरफान ने कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उनके घर पहुंचने से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्हें फोन किया था।
इरफान के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने हल्के-फुल्के अंदाज में उनसे कहा कि राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान उन्हें शादी के लिए मनाने की कोशिश करें, क्योंकि वह उनकी बात नहीं मानते। इस पर इरफान ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि वह चाहते हैं कि राहुल गांधी शादी न करें।
गूगल और यूट्यूब से सीखा संविधान
35 वर्षीय मोहम्मद इरफान बर्फ बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी औपचारिक शिक्षा केवल आंगनवाड़ी तक ही हुई है और उन्हें पढ़ने-लिखने में कठिनाई होती है। इसके बावजूद उन्होंने गूगल वॉइस सर्च और यूट्यूब वीडियो की मदद से संविधान, लोकतंत्र और मजदूरों के अधिकारों के बारे में जानकारी हासिल की।
‘अपने लिए नहीं, मजदूरों के हक के लिए बोला’
इरफान ने कहा कि वह CJP के प्रदर्शन में किसी प्रचार या प्रसिद्धि के लिए शामिल नहीं हुए थे। उनका उद्देश्य केवल असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की समस्याओं और अधिकारों की आवाज उठाना था।
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने लिए कोई व्यक्तिगत मांग नहीं रखी। उनकी सिर्फ एक अपील थी कि राहुल गांधी देश के गरीबों और मजदूरों के अधिकारों की आवाज इसी तरह उठाते रहें।
राहुल गांधी पहुंचे थे इरफान के घर
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद राहुल गांधी सोमवार को मोहम्मद इरफान के घर पहुंचे थे। मुलाकात के दौरान इरफान ने लोकतंत्र, संविधान और मजदूरों के सम्मानजनक जीवन से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। राहुल गांधी ने उनकी बातें सुनीं और उनके परिवार को संसद भवन आने का निमंत्रण भी दिया।
हालांकि, प्रियंका गांधी से हुई कथित बातचीत का यह दावा मोहम्मद इरफान ने अपने इंटरव्यू में किया है। इस संबंध में कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


