
भागलपुर | 18 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में भागलपुर सीट पर मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। शनिवार को कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा ने सदर अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन से पहले अजीत शर्मा ने नगर भ्रमण यात्रा निकाली, जिसमें महागठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पूरे मार्ग में “राहुल गांधी जिंदाबाद”, “सोनिया गांधी जिंदाबाद”, “लालू यादव जिंदाबाद” और “तेजस्वी यादव जिंदाबाद” के नारों से शहर का माहौल गूंज उठा।
सदर अनुमंडल कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से अजीत शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा—
“भागलपुर की जनता ने लगातार तीन बार मुझे अपना प्रतिनिधि चुना है। यह जनता का प्यार और भरोसा ही है जो मुझे सेवा के लिए प्रेरित करता है। इस बार भी जनता का समर्थन हमारे साथ है और मैं उनके विश्वास पर फिर खरा उतरूंगा।”
नामांकन के दौरान कांग्रेस और महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। अजीत शर्मा की नामांकन यात्रा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और जोश देखने को मिला।


