मोतिहारी/मधुबन। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण के प्रचार का आज अंतिम दिन रहा। इसी कड़ी में भोजपुरी स्टार और भाजपा नेता पवन सिंह ने पूर्वी चंपारण के मधुबन विधानसभा क्षेत्र के पकड़ी दयाल में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। शाम 5 बजे प्रचार समाप्त होने से पहले यह रैली एनडीए के बड़े शो ऑफ स्ट्रेंथ के रूप में देखी जा रही है।
भीड़ के दबाव से टूटा पंडाल, किसी के घायल होने की खबर नहीं
पवन सिंह की लोकप्रियता देखने लायक थी। उन्हें देखने और सुनने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। पंडाल में जगह न मिलने पर लोग छतों, दीवारों और गैलरी तक चढ़ गए। कई लोग तो पंडाल के ऊपर तक पहुंच गए।
भीड़ के अत्यधिक दबाव की वजह से पंडाल का एक हिस्सा अचानक ढह गया।
हालांकि अफरा-तफरी के बावजूद कोई हताहत नहीं हुआ, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत स्थिति संभाल ली।
मंच से पवन सिंह ने भीड़ से शांत रहने और सुरक्षित रहने की अपील की। उन्होंने कहा—
“आपका प्यार ही मेरी ताकत है, लेकिन अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखें।”
पवन सिंह का भावुक संबोधन
सभा के दौरान पवन सिंह कई बार भावुक दिखे। उन्होंने कहा—
“आज मैं जो कुछ भी हूं, वह मेरी मां और मेरी जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से हूं।”
उन्होंने जनता से अपील की कि वे उसी प्यार और आशीर्वाद को एनडीए प्रत्याशी को भी दें।
पवन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने गरीबों, किसानों, मजदूरों और युवाओं के लिए एनडीए सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के निरंतर विकास के लिए एनडीए सरकार का फिर से आना आवश्यक है।
जनता से भोजपुरी में सीधा संवाद
संबोधन के अंत में पवन सिंह ने भोजपुरी में लोगों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा—
“हमरा खातिर तनी जोश में मत आईं, आप सबके वोट से बिहार में विकास होई। 11 नवंबर के दिन वोट जरूर दीं, आ अपने घर-घर में सबके निकलवाईं।”
चुनावी माहौल चरम पर
मधुबन की यह रैली पवन सिंह की लोकप्रियता और एनडीए की चुनावी तैयारी दोनों का बड़ा प्रदर्शन रही। पंडाल टूटने की घटना के बावजूद भीड़ अंत तक डटी रही, जिससे यह साफ हुआ कि इलाके में चुनावी माहौल पूरी तरह गरम है।


