
पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी थाना क्षेत्र के खरौना मोड़ के पास रविवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान हुए वज्रपात में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बारिश से बचने के लिए सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी अचानक ठनका गिर गया।
एक मृतक की पहचान, दूसरे की शिनाख्त बाकी
मृतकों में एक की पहचान खरौना निवासी रमेश कुमार के पुत्र बबलू कुमार के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, वह रमेश कुमार के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, लेकिन उनकी आधिकारिक पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पेड़ के नीचे लेना पड़ा भारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार को अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बबलू कुमार और उनके रिश्तेदार बारिश से बचने के लिए सड़क किनारे स्थित एक पेड़ के नीचे चले गए। इसी दौरान पेड़ पर वज्रपात हुआ और दोनों उसकी चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। मसौढ़ी थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि एक मृतक की पहचान हो चुकी है, जबकि दूसरे की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
परिवार में मातम
घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। बबलू कुमार के पिता रमेश कुमार ने बताया कि उनका बेटा सुबह काम के लिए मसौढ़ी बाजार गया था और लौटते समय बारिश के दौरान यह हादसा हो गया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आंधी, बारिश और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें, क्योंकि ऐसी स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है। सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में ही शरण लेना सबसे सुरक्षित विकल्प है।


