
पटना में पटना मेट्रो के पहले चरण को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। ISBT से मलाही पकड़ी तक मेट्रो का किराया 30 रुपये तय किया गया है, जबकि ISBT से भूतनाथ तक सफर करने पर यात्रियों को 15 रुपये खर्च करने होंगे। इस रूट पर मेट्रो सेवा शुरू करने की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
हालांकि, भूतनाथ से मलाही पकड़ी सेक्शन चालू होने के बाद भी खेमनीचक स्टेशन पर फिलहाल ट्रेन का ठहराव नहीं होगा। निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण मेट्रो यहां बिना रुके गुजरेगी। स्टेशन पूरी तरह तैयार होने के बाद ही स्टॉपेज शुरू किया जाएगा।
पटना मेट्रो परियोजना के पश्चिमी कॉरिडोर में अंडरग्राउंड और एलिवेटेड दोनों हिस्सों पर तेजी से काम चल रहा है। आकाशवाणी मेट्रो स्टेशन से नेहरू पथ होते हुए एक अंडरग्राउंड लाइन विद्युत भवन तक जाएगी। यहां एक नया अंडरग्राउंड स्टेशन बनाया जा रहा है, जिससे सचिवालय और आसपास के दफ्तरों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
यह टनल आगे विकास भवन, पटना जू, राजा बाजार और रुकनपुरा होते हुए पाटलिपुत्र मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगी। इसके बाद मेट्रो एलिवेटेड ट्रैक पर चलेगी।
पाटलिपुत्र से आगे मेट्रो आरपीएस मोड़ और सगुना मोड़ होते हुए दानापुर तक जाएगी। इससे पश्चिमी पटना और दानापुर के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
नेहरू पथ पर अंडरग्राउंड टनल और स्टेशनों के लिए सॉइल टेस्टिंग अंतिम चरण में है। रिपोर्ट आने के बाद निर्माण कार्य को और तेज किया जाएगा। वहीं दानापुर से पाटलिपुत्र के बीच एलिवेटेड कॉरिडोर लगभग तैयार हो चुका है और इसे जल्द शुरू करने की योजना है।


