नए अंदाज में लौट रहा है ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’, 3.70 करोड़ से अधिक रिकॉर्ड पंजीकरण

‘परीक्षा पे चर्चा’ (PPC) कार्यक्रम इस बार एक नए और अनूठे अंदाज में आयोजित हो रहा है। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधा संवाद करते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य परीक्षा के तनाव को कम करना और परीक्षाओं को एक उत्सव की तरह मनाने का माहौल तैयार करना है। वर्ष 2018 से शुरू हुआ यह कार्यक्रम हर साल नए आयाम स्थापित कर रहा है।

PPC 2026 इसलिए भी खास है क्योंकि इस बार 3.70 करोड़ से अधिक पंजीकरण हुए हैं, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 2025 के संस्करण ने भी सर्वाधिक रजिस्ट्रेशन के कारण गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था।

छात्रों को मिलेगा ‘सक्सेस मंत्र’

यह कार्यक्रम केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाने का माध्यम है। पीएम मोदी छात्रों के साथ सीधे संवाद कर उन्हें तनावमुक्त रहकर परीक्षा देने, आत्मविश्वास बढ़ाने और लक्ष्य पर फोकस करने के उपयोगी टिप्स देते हैं।

इस वर्ष ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का आयोजन 6 फरवरी 2026 को किया जा रहा है। शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी कई वीडियो के माध्यम से यह बताया गया है कि यह कार्यक्रम देश के हर छात्र के लिए कितना महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से इस विशेष कार्यक्रम को देखने की अपील की है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा,
“इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली हैं। परीक्षा पे चर्चा इस बार अनोखे अंदाज में आ रहा है। परीक्षा के डर को दूर करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए सभी एग्जाम वॉरियर्स को इस कार्यक्रम से जुड़ना चाहिए।”

देशभर के छात्रों से सीधा संवाद

इस वर्ष कार्यक्रम के तहत देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर, गुवाहाटी और दिल्ली स्थित 7 लोक कल्याण मार्ग पर छात्रों के साथ विशेष संवाद सत्र आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री ने इन चर्चाओं को प्रेरणादायक बताते हुए छात्रों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने तनावमुक्त परीक्षा, संतुलित जीवनशैली और आत्मविश्वास बढ़ाने के व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए।

प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा,
“जैसे-जैसे परीक्षाएं नजदीक आ रही हैं, परीक्षा पे चर्चा भी लौट आया है। इस बार कई स्थानों पर छात्रों से संवाद हुआ है। अलग-अलग राज्यों के बच्चे अपनी मातृभाषा में अपने विचार साझा कर रहे हैं।”

जारी वीडियो में महाराष्ट्र, बंगाल, असम और दक्षिण भारत के छात्र अपनी भाषा में अनुभव साझा करते नजर आए।

कार्यक्रम कैसे देखें?

छात्र और अभिभावक ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ को—

  • दूरदर्शन (DD News) पर लाइव,
  • MyGov.in वेबसाइट पर,
  • प्रधानमंत्री कार्यालय और शिक्षा मंत्रालय के YouTube चैनल पर देख सकते हैं।

स्कूलों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे बच्चों के लिए बड़ी स्क्रीन पर कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था करें, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इससे जुड़ सकें।


 

  • Related Posts