पारस अस्पताल शूटआउट: मुख्य शूटर तौसीफ बादशाह सहित पांच आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार? STF की बड़ी कार्रवाई..

पटना/कोलकाता | 20 जुलाई 2025: पारस अस्पताल में कुख्यात गैंगस्टर चंदन मिश्रा की दिनदहाड़े हत्या के बाद फरार चल रहे पांचों आरोपियों को बिहार एसटीएफ और बंगाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में न्यू टाउन, कोलकाता से शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए पांचों में चार शूटर और एक कथित साजिशकर्ता शामिल है। ये सभी एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के फ्लैट में छिपे हुए थे।हालांकि सूत्रों से मिली इस खबर की पुष्टि पुलिस प्रशासन के द्वारा नहीं की गई है।

मोबाइल लोकेशन से हुआ सुराग, STF ने की कार्रवाई

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों को मोबाइल टावर की लोकेशन के आधार पर ट्रैक किया गया। लोकेशन कन्फर्म होते ही STF की एक टीम कोलकाता भेजी गई, जिसने बंगाल पुलिस की मदद से न्यू टाउन इलाके में छापेमारी कर पांचों को हिरासत में लिया।

पटना लाया जाएगा, कोर्ट से मांगा जाएगा ट्रांजिट रिमांड

गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को कोलकाता की स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। बिहार पुलिस ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी, जिसके बाद उन्हें पटना लाकर पूछताछ की जाएगी।

चंदन मिश्रा को मारी गई थीं 24 गोलियां

बता दें कि गुरुवार सुबह पटना के पारस अस्पताल में पांच हथियारबंद बदमाशों ने पैरोल पर बाहर आए गैंगस्टर चंदन मिश्रा को गोलियों से भून डाला था। लगभग 24 गोलियां मारी गईं। वारदात के वक्त चंदन अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती था। शूटरों की पूरी वारदात अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।

मुख्य शूटर तौसीफ बादशाह का नाम आया सामने

शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि इस हत्याकांड में मुख्य भूमिका फुलवारीशरीफ के तौसीफ बादशाह ने निभाई है। तौसीफ और उसके साथियों ने योजना बनाकर अस्पताल में दाखिल होकर चंदन की हत्या की। यह भी बताया जा रहा है कि तौसीफ पहले से अपराधी प्रवृत्ति का है और उसका इंस्टाग्राम प्रोफाइल भी गैंगस्टर स्टाइल को दर्शाता है।

पूर्व साथी शेरू सिंह पर हत्या की साजिश का शक

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्या के पीछे चंदन के पुराने साथी शेरू सिंह का हाथ हो सकता है। बताया जा रहा है कि शेरू और चंदन ने मिलकर बक्सर में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था, लेकिन बाद में दोनों के बीच दुश्मनी हो गई। फिलहाल शेरू पश्चिम बंगाल की पुरुलिया जेल में बंद है। STF ने उससे भी पूछताछ की है।

नामों का औपचारिक खुलासा अभी शेष

फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के नामों को पुलिस ने सार्वजनिक नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार, जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले की जानकारी विस्तार से दी जाएगी।


 

  • Related Posts

    बिहार में ‘किचन क्रांति’! अब घर बैठे मिलेगा पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन; सिलेंडर की झंझट खत्म, जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया और अपने जिले की कंपनी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *