
पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव गुरुवार को सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पहुंचे। यहां उन्होंने रास्ते के विवाद में जान गंवाने वाले मोहम्मद इजरायल के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। सांसद ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।
रास्ते के विवाद में गई जान
घटना जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पश्चिम पंचायत के वार्ड नंबर 5 की है, जहां 28 मार्च को रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक मारपीट हुई थी। इस दौरान मोहम्मद इजरायल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान पप्पू यादव ने तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि मृतक की प्रत्येक बेटी के निकाह के समय वे अपनी ओर से ₹20,000 की मदद करेंगे।
सांसद ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे उनके साथ खड़े हैं और हर संभव सहयोग करेंगे।
आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा
पप्पू यादव ने परिजनों को आश्वस्त किया कि इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी सजा दिलाना उनकी प्राथमिकता है और न्याय जरूर मिलेगा।
बीजेपी पर साधा निशाना
इस दौरान पप्पू यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी धोखे से नीतीश कुमार को दिल्ली भेजने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने बिहार की जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है और यह राज्य के विकास के साथ बड़ा धोखा है।


